गोरखपुर में पानी से भरी बाल्टी में गिरी मासूम, मौत: घर में खेल रही थी बच्ची, 9 अगस्त को था पहला जन्मदिन

बांसगांव क्षेत्र में घर के आंगन में खेल रही एक वर्षीय मासूम पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। आठ अगस्त को बच्ची का मुंडन और नौ अगस्त को पहला जन्मदिन मनाने की तैयारियां चल रही थीं।
बांसगांव क्षेत्र की ग्राम पंचायत भुसवल बुजुर्ग निवासी सतीश और उनकी पत्नी नीलम की एक वर्षीय पुत्री अवनी घर में खेल रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गई और असंतुलित होकर उसमें गिर गई। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अन्य कामों में व्यस्त थे। कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह पानी से भरी बाल्टी में मिली। परिजन आनन-फानन में उसे बांसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मातम में बदलीं जश्न की तैयारियां
परिजनों के मुताबिक, अवनी का आठ अगस्त को मुंडन संस्कार और नौ अगस्त को पहला जन्मदिन मनाया जाना था। इसके लिए करीब 400 लोगों के भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। हादसे के बाद घर में चल रही तैयारियां थम गईं और पूरे परिवार में कोहराम मच गया। बच्ची की मां नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बुआ अर्चना ने बताया कि सतीश का विवाह करीब दो वर्ष पहले बांसगांव क्षेत्र के भैरोपुर गांव में हुआ था। अवनी उनकी पहली और इकलौती संतान थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बाबा अभिमन्यु उर्फ तुलसी समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संवेदना व्यक्त करने घर पहुंच गए। बांसगांव थाने के सब इंस्पेक्टर गोविंद पाल ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। प्रथम दृष्टया घटना हादसा प्रतीत हो रही है। पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है।











