गोरखपुर में ज्वेलरी शॉप में शटर उखाड़कर चोरी: 45 हजार के जेवर-नकदी पार, एसपी ने किया मुआयना

सहजनवा क्षेत्र के घघसरा कस्बे में सर्राफा कारोबारी की दुकान का शटर उखाड़कर चोर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात में करीब 45 हजार रुपये की नकदी और चांदी और आर्टिफिशियल जेवर चोरी होने का दावा किया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र सिंह ने मौके का निरीक्षण कर जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया।
बनौली निवासी प्रदीप वर्मा घघसरा कस्बे में ज्वेलर्स की दुकान संचालित करते हैं और परिवार के साथ तुलसीदास नगर में रहते हैं। रोज की तरह दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे पांच हजार रुपये नकद के साथ तिजोरी और डिब्बों में रखे करीब 40 हजार रुपये मूल्य के चांदी और आर्टिफिशियल जेवर समेट लिए। घटना से स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सीसीटीवी फुटेज चेक रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित दुकानदार से पूरी जानकारी लेने के साथ दुकान और टूटे हुए शटर का जायजा लिया। एसपी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सहजनवा थाना प्रभारी संजय मिश्र, घघसरा के नवागत चौकी प्रभारी आदर्श पाण्डेय तथा पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान में जुटी है।











