गोरखपुर में मॉडल वेंडिंग जोन से बदलेगी शहर की सूरत: जजेज कम्पाउंड में बनेंगे शेड और तीन गेट, इंटरलॉकिंग और हाईमास्ट से चमकेगा शास्त्री चौक

शहर के स्ट्रीट वेंडिंग जोन को सुविधाओं से लैस कर व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। नगर आयुक्त अजय जैन ने विभिन्न वेंडिंग जोन का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक काम जल्द कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पटरी व्यवसायियों के लिए बेहतर कार्यस्थल तैयार करने के साथ इन क्षेत्रों को मॉडल वेंडिंग जोन के तौर पर विकसित करने पर जोर दिया। जजेज कम्पाउंड, शास्त्री चौक, ट्रांसपोर्ट नगर और रुस्तमपुर के वेंडिंग जोन में जरूरत के अनुसार अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अम्बेडकर चौराहा स्थित जजेज कम्पाउंड स्ट्रीट वेंडिंग जोन में निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मौसम से बचाव के लिए शेड बनवाने के निर्देश दिए। आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए यहां तीन गेट लगाए जाएंगे। वेंडिंग जोन को आकर्षक और एकरूप स्वरूप देने के लिए स्ट्रीट वेंडर्स को आधुनिक मॉडल कार्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी करने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने शास्त्री चौक का लिया जायजा
इसके बाद नगर आयुक्त ने शास्त्री चौक स्थित चकबंदी कार्यालय के पास बने वेंडिंग जोन का जायजा लिया। उन्होंने यहां इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए। रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने को कहा, जिससे वेंडर्स और ग्राहकों को कारोबार व खरीदारी के दौरान परेशानी न हो।
ट्रांसपोर्ट नगर और रुस्तमपुर पर भी फोकस
नगर आयुक्त ने ट्रांसपोर्ट नगर और रुस्तमपुर के वेंडिंग जोन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से दोनों स्थानों पर जरूरी सुविधाएं जल्द विकसित कराने को कहा। इसका उद्देश्य पटरी व्यवसायियों को कारोबार के लिए बेहतर और व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराना है।
सभी जोन में एक जैसे लगेंगे डिस्प्ले बोर्ड
नगर निगम सभी स्ट्रीट वेंडिंग जोन में आकर्षक और एकरूप डिस्प्ले बोर्ड लगाएगा। इससे वेंडिंग जोन की पहचान स्पष्ट होने के साथ पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन, परियोजना अधिकारी सुदीप कुमार, मुख्य अभियंता अमित कुमार, एक्सईएन अशोक कुमार भाटी, आर्यन मिश्रा समेत नगर निगम के अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही।











