गोरखपुर में डेंगू-मलेरिया से बचाव को नगर निगम तैयार: हर वार्ड में चलेगा विशेष सफाई अभियान, नालियों की सफाई और फॉगिंग का बना प्लान

गोरखपुर|2 घंटे पहले
हर वार्ड में चलेगा विशेष सफाई अभियान, नालियों की सफाई और फॉगिंग का बना प्लान

बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर निगम ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। नगर आयुक्त अजय जैन ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सफाई व्यवस्था, फॉगिंग, एंटी लारवा छिड़काव और अन्य बचाव उपायों को तय समय पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की नियमित निगरानी होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि वार्डों की छोटी नालियों की सफाई सुपरवाइजर की निगरानी में कराई जाए, जबकि बड़ी नालियों की सफाई छोटी पोकलेन मशीनों से कराई जाए। शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात और कारोबार प्रभावित न हो, इसलिए वहां दिन के बजाय रात में नालों की सफाई कराई जाएगी। साथ ही सभी जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को रोस्टर के अनुसार प्रत्येक वार्ड में एंटी लारवा छिड़काव, ब्लीचिंग, मेलाथियान स्प्रे और फॉगिंग नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

नगर निगम की ओर से प्रतिदिन चार मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त ने माइक्रो प्लान तैयार कर इस अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाली पड़े प्लॉट, पार्क, जलभराव वाले स्थान और अन्य संवेदनशील इलाकों में नियमित सफाई और एंटी लारवा छिड़काव हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पुराने टायरों और कबाड़ की दुकानों को विशेष निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए। क्योंकि इन स्थानों पर पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे सभी स्थानों पर समय-समय पर एंटी लारवा का छिड़काव कराया जाएगा।

अभियान की होगी लगातार समीक्षा

नगर आयुक्त ने जोनल सेनेटरी अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड में दो-दो कर्मचारियों की टीम बनाकर नियमित एंटी लारवा छिड़काव और डस्टिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम करने को कहा। बैठक में अपर नगर आयुक्त, सभी जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक और जोनल सेनेटरी अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने अभियान की लगातार समीक्षा करने और बारिश के मौसम में शहरवासियों को संचारी रोगों से सुरक्षित रखने के लिए सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।