गोरखपुर नगर निगम कार्यकारिणी के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू: 16 जुलाई को चुने जाएंगे छह नए सदस्य, भाजपा और सपा दोनों बदलेंगी अपने सदस्य

गोरखपुर|
16 जुलाई को चुने जाएंगे छह नए सदस्य, भाजपा और सपा दोनों बदलेंगी अपने सदस्य

नगर निगम की कार्यकारिणी के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो रहा है। इसके मद्देनजर 16 जुलाई को नई कार्यकारिणी के गठन के लिए सदन की बैठक बुलाई गई है। इस दौरान छह नए सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। इससे पहले 15 जुलाई को नगर निगम सदन की बैठक होगी। इसमें जटेपुर उत्तरी के दिवंगत पूर्व पार्षद श्रवण कुमार यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने दोनों बैठकों को मंजूरी दे दी है।

कार्यकाल पूरा होने के साथ ही भाजपा के उपसभापति पवन त्रिपाठी, ऋषि मोहन वर्मा, छोटे लाल यादव, श्रवण पटेल और सरोज पासवान कार्यकारिणी से बाहर हो जाएंगे। समाजवादी पार्टी के पार्षद रमेश यादव का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। उनकी जगह सपा नए पार्षद को कार्यकारिणी का सदस्य बनाएगी। नई कार्यकारिणी के लिए भाजपा पांच नए नाम तय करेगी। वहीं, समाजवादी पार्टी एक सदस्य का चयन करेगी। 16 जुलाई को होने वाली बैठक में इन छह नामों पर अंतिम मुहर लग जाएगी।

पहली बैठक में होगा उपसभापति का चुनाव

नई कार्यकारिणी के गठन के बाद उसकी पहली बैठक में उपसभापति का चुनाव भी कराया जाएगा। यदि चुनाव की स्थिति बनती है तो निर्वाचित पार्षदों के साथ आठ पदेन सदस्य भी मतदान में हिस्सा लेंगे। आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, सांसद रवि किशन, मंत्री संजय निषाद समेत आठ पदेन सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हालांकि मनोनीत पार्षदों को न तो मतदान का अधिकार होगा और न ही वे कार्यकारिणी के सदस्य बन सकेंगे।

नई टीम पर टिकी राजनीतिक नजर

कार्यकारिणी के पुनर्गठन को लेकर नगर निगम और राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है। सभी की निगाहें अब 16 जुलाई की बैठक पर टिकी हैं, जहां नई टीम का गठन होगा। इसके बाद नगर निगम की कार्यकारिणी आगामी कार्ययोजना और विकास कार्यों की दिशा तय करेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।