गोरखपुर में कूड़ा उठाने में लापरवाही पर सख्ती: कर्मियों की दिन में दो बार लगेगी हाजिरी, 10 दिन गैरहाजिरी पर जवाबदेही तय

गोरखपुर|
कर्मियों की दिन में दो बार लगेगी हाजिरी, 10 दिन गैरहाजिरी पर जवाबदेही तय

शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों और कूड़ा संग्रहण वाहन चालकों पर अब कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त अजय जैन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुई समीक्षा बैठक में साफ किया कि हर घर से समय पर कूड़ा उठना चाहिए। जो वाहन चालक तय समय से देर से निकलेंगे या वार्ड में निर्धारित समय तक काम नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। बैठक में जोन-5 के 15 वार्डों के सुपरवाइजर, मेट और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन चालकों के साथ सफाई व्यवस्था, घर-घर कूड़ा उठान और यूजर चार्ज की वसूली की समीक्षा की गई।

नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने के लिए कर्मचारियों की उपस्थिति दिन में दो बार दर्ज करने के निर्देश दिए। पहली हाजिरी सुबह छह बजे और दूसरी सुबह 11 बजे होगी। इससे यह पता चल सकेगा कि कर्मचारी समय पर ड्यूटी पर पहुंच रहे हैं या नहीं और वार्डों में सफाई कार्य कितना प्रभावी ढंग से हो रहा है। उन्होंने सभी कूड़ा संग्रहण वाहनों को निर्धारित समय पर वार्डों में पहुंचाने और गलियों में जाकर हर घर से कचरा एकत्र करने के निर्देश दिए।

बाजारों में अतिरिक्त सफाई की व्यवस्था

नगर आयुक्त ने कहा कि सभी वार्डों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी घर को कूड़ा संग्रहण की सुविधा से बाहर नहीं रहना चाहिए। शाम के समय लगने वाले बाजारों में अतिरिक्त सफाई व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बाजार खत्म होने के बाद नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा सके। इसके साथ ही यूजर चार्ज की वसूली को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

10 दिन से ज्यादा अनुपस्थिति पर कार्रवाई

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि दो महीने की अवधि में यदि कोई कर्मचारी बिना उचित कारण 10 दिन से अधिक अनुपस्थित मिलता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अनुपस्थिति का वैध कारण नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारी की सेवा समाप्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। सुपरवाइजरों को अपने-अपने वार्ड की सभी बीट में नियमित सफाई कराने और कर्मचारियों की उपस्थिति पर लगातार निगरानी रखने की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में मौजूद अधिकारी

बैठक में अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार, स्वच्छ भारत मिशन के सह-प्रभारी अविनाश सिंह, जोनल सेनिटेशन अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, अकाउंट ऑफिसर नागेंद्र सिंह, जोनल अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह, सभी सफाई निरीक्षक और स्वच्छ भारत मिशन की टीम मौजूद रही।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।