गोरखपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन: नेशनल और इंटरनेशनल मंच पर बढ़ाया जिले का मान, मेधावी खिलाड़ियों को किया सम्मानित

शहर के खिलाड़ियों ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। नेशनल और इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में जिले का नाम चमका है। इसी उपलब्धि पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर मेधावी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश गुप्ता भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी।
अजीत सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए अनुशासन बेहद जरूरी होता है। नियमित अभ्यास से प्रदर्शन लगातार बेहतर बनता है। अनुशासित जीवन खिलाड़ी को मजबूत बनाता है। उन्होंने टीम भावना और धैर्य पर भी जोर दिया। कठिन परिस्थितियों में सही फैसला लेना जरूरी बताया। डॉ. राजेश गुप्ता ने भी खिलाड़ियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा, एकल खेलों में मेहनत व्यक्तिगत होती है। वहीं टीम खेलों में सामूहिक जिम्मेदारी अहम रहती है। हर खिलाड़ी को टीम के लिए खेलना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि गोरखपुर के खिलाड़ी आगे बढ़ेंगे। आने वाले समय में इंटरनेशनल स्तर पर पहचान बनाएंगे। कार्यक्रम में खेल उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई। जनपदीय क्रीड़ा कोषाध्यक्ष डॉ. विश्व प्रकाश सिंह ने विस्तार से रिपोर्ट पेश की। उन्होंने वर्ष 2025-26 की प्रतियोगिताओं का उल्लेख किया। उन्होंने जिले के खिलाड़ियों की सफलता की सराहना की।
इंटरनेशनल खिलाड़ियों को मिला विशेष सम्मान
कार्यक्रम में इंटरनेशनल खिलाड़ियों को खास सम्मान मिला। शिवानंद यादव को सम्मानित किया गया। उन्होंने किर्गिस्तान में कुश्ती प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वॉलीबॉल खिलाड़ी आकांक्षा पांडे को भी सम्मान मिला। हैंडबॉल खिलाड़ी अनन्या यादव को भी सम्मानित किया गया। दोनों खिलाड़ियों ने चीन में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
72 खिलाड़ियों को मिला सम्मान
नेशनल स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों का भी सम्मान हुआ। कुल 72 खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान पाने वाले 10 खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार मिला। कार्यक्रम के दौरान तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा।

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें









