गोरखपुर रेलवे स्टेशन की मल्टीलेवल पार्किंग शुरू: हजार बाइकों की क्षमता संग हेलमेट लॉकर तैयार, वाहन खड़ा करने से पहले जानें जेब का खर्च

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब वाहन खड़ा करने के लिए ज्यादा व्यवस्थित सुविधा मिलेगी। स्टेशन की मल्टीलेवल पार्किंग पूरी तरह संचालित कर दी गई। भवन का निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे प्रशासन ने इसे कार्यदायी संस्था से हैंडओवर करा लिया है। करीब 2,000 वर्गमीटर में विकसित इस पार्किंग में एक समय में लगभग 800 से 1,000 मोटरसाइकिलें खड़ी की जा सकेंगी। वाहन के साथ हेलमेट सुरक्षित रखने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
मल्टीलेवल पार्किंग में भूतल पर दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए जगह निर्धारित की गई है। पहली मंजिल पर चारपहिया वाहन खड़े किए जाएंगे। रेलवे की इस संयुक्त पार्किंग सुविधा में कार, मोटरसाइकिल, स्कूटर, साइकिल समेत अन्य तीन पहिया वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था है। स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता ने बताया कि भवन को रेलवे प्रशासन ने हैंडओवर करा लिया है और गुरुवार से इसका संचालन शुरू कर दिया गया है।
यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
पार्किंग भवन में वाहनों के प्रवेश के लिए स्टेशन का गेट नंबर छह निर्धारित किया गया है। वाहन इसी रास्ते से सीधे पार्किंग में पहुंच सकेंगे। इससे स्टेशन परिसर में जगह-जगह वाहन खड़े करने की समस्या कम होने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। इससे पहले 13 जुलाई से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत भवन के भूतल पर पार्किंग संचालित की जा रही थी। अब निर्माण पूरा होने के बाद पूरी क्षमता के साथ सुविधा शुरू कर दी गई है।
छह घंटे से 24 घंटे तक अलग-अलग शुल्क
छह घंटे तक साइकिल का शुल्क 10, मोटरसाइकिल/स्कूटर का 20, तिपहिया का 30 और चारपहिया का 40 रुपये है। छह से 12 घंटे के लिए क्रमश: 15, 30, 50 और 70 रुपये तथा 12 से 24 घंटे के लिए 20, 50, 80 और 120 रुपये शुल्क निर्धारित है। 24 घंटे के बाद साइकिल के 40, मोटरसाइकिल/स्कूटर के 100, तिपहिया के 150 और चारपहिया के 200 रुपये देने होंगे।
मासिक पास और हेलमेट की भी सुविधा
नियमित उपयोगकर्ताओं के लिए मासिक पास में साइकिल 200, मोटरसाइकिल/स्कूटर 1,000, तिपहिया 1,500 और चारपहिया 2,500 रुपये शुल्क है। रेलवे कर्मचारियों के लिए साइकिल का 100 और मोटरसाइकिल/स्कूटर का 500 रुपये मासिक शुल्क रखा गया है। पार्किंग में हेलमेट सुरक्षित रखने के लिए 10 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।











