गोरखपुर में 15 अगस्त तक पूरी करें E-KYC: ढाई लाख उपभोक्ताओं की प्रक्रिया बाकी, एजेंसियां लगातार कर रहीं संपर्क

जिले के घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अब अनिवार्य हो गया है। तेल कंपनियों ने 15 अगस्त तक सभी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। तय समय सीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की गैस सब्सिडी प्रभावित हो सकती है। इसे देखते हुए इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने जिले में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। कंपनियां उपभोक्ताओं से फोन, संदेश और गैस एजेंसियों के माध्यम से लगातार संपर्क कर रही हैं।
जिले में इंडियन ऑयल के करीब पांच लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जबकि भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मिलाकर लगभग सात लाख उपभोक्ता हैं। इस तरह जिले में तीनों कंपनियों के करीब 12 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें लगभग 20 प्रतिशत यानी ढाई लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। ऐसे उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर जागरूक किया जा रहा है, ताकि समय रहते प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।
शत-प्रतिशत लक्ष्य के लिए चल रहा विशेष अभियान
इंडियन ऑयल के उप महाप्रबंधक रवि कुमार चंदेरिया ने बताया कि 15 अगस्त तक सभी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अधिकारियों, गैस एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिन उपभोक्ताओं की प्रक्रिया अभी लंबित है, उनसे लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि अंतिम तिथि से पहले सभी की ई-केवाईसी पूरी हो सके।
शिविरों और एजेंसियों पर मिलेगी सुविधा
अभियान को गति देने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा सभी गैस एजेंसियों पर भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उपभोक्ताओं को केवल आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल नंबर के साथ एजेंसी या शिविर में पहुंचना होगा। वहां कुछ ही मिनटों में प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। तेल कंपनियों का उद्देश्य अंतिम समय में भीड़ से बचते हुए सभी उपभोक्ताओं को समय पर यह सुविधा उपलब्ध कराना है।











