गोरखपुर में रोडवेज बस ने स्कूटी सवार को कुचला: दूध लेकर लौट रहा था घर, गुस्साए परिजनों के हंगामे से लगा जाम

गोरखपुर|
दूध लेकर लौट रहा था घर,  गुस्साए परिजनों के हंगामे से लगा जाम

गोरखनाथ थाना क्षेत्र में रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार अधेड़ की मौके पर मौत हो गई। हादसा बरगदवा-लच्छीपुर मार्ग पर जुडियो मॉल और डीपी महिंद्रा शोरूम के सामने हुआ। मृतक की पहचान चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहरीपुर निवासी अभिमन्यु चौहान पुत्र स्व. राममूरत चौहान के रूप में हुई। अभिमन्यु लच्छीपुर से दूध लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई सिद्धार्थनगर डिपो की रोडवेज बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अभिमन्यु की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही अभिमन्यु के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ भी जुट गई। अधेड़ की मौत से परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। सड़क पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से बरगदवा-लच्छीपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया।

मौके पर पहुंची दो थानों की पुलिस

सूचना मिलने पर गोरखनाथ और चिलुआताल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ गोरखनाथ के नेतृत्व में पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अधिकारियों ने परिजनों और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को सड़क से हटाने के साथ यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कोशिश शुरू की। भीड़ बढ़ने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और लंबा जाम लग गया। देर शाम तक मौके पर भीड़ और तनाव का माहौल बना रहा।

एक बेटा और पांच बेटियां छोड़ गए

अभिमन्यु अपने पीछे बेटा अभिषेक चौहान और पांच बेटियां छोड़ गए हैं। परिजनों के मुताबिक चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और बेटे अभिषेक की शादी अभी नहीं हुई है। अभिषेक लद्दाख में जनरेटर बनाने का काम करता है। परिवार के लिए अभिमन्यु की अचानक मौत बड़ा सदमा बन गई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने अभिमन्यु के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और बस चालक की भूमिका की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस बस और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी एकत्र कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।