गोरखपुर की सड़कें अब दिखेंगी और खूबसूरत: डिवाइडर पर लगेंगी थीम बेस्ड मूर्तियां, योग, संगीत और संस्कृति से सजेगा शहर

गोरखपुर|7 घंटे पहले
डिवाइडर पर लगेंगी थीम बेस्ड मूर्तियां, योग, संगीत और संस्कृति से सजेगा शहर

शहर की मुख्य सड़कों को अब नया और आकर्षक लुक मिलने जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के बाद अब योगी सरकार शहर के सौंदर्यीकरण पर बड़ा काम शुरू करने जा रही है। शहर की प्रमुख सड़कों के डिवाइडर को थीम बेस्ड डिजाइन से सजाया जाएगा। यहां सिर्फ हरियाली ही नहीं, बल्कि संस्कृति, योग, संगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी मूर्तियां भी दिखाई देंगी। नगर निगम का दावा है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद गोरखपुर की पहचान एक आधुनिक और खूबसूरत शहर के रूप में और मजबूत होगी।

मेयर मंगलेश श्रीवास्तव ने बताया कि पहले चरण के लिए शहर के चार प्रमुख रूट तय किए गए हैं। मूर्तियों का ऑर्डर भी दिया जा चुका है। इस प्रोजेक्ट का मकसद सिर्फ सुंदरता बढ़ाना नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी सामने लाना है। बाहर से आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग अब सड़कों पर कला और संस्कृति की झलक देख सकेंगे।

स्मार्ट और सांस्कृतिक रूप में करेंगे सिटी को डेवलप

नगर निगम के मुताबिक अब डिवाइडर सिर्फ पौधों और घास तक सीमित नहीं रहेंगे। उन्हें आधुनिक और कलात्मक रूप दिया जाएगा। अलग-अलग सड़कों पर अलग थीम के अनुसार मूर्तियां लगाई जाएंगी। इनमें योग मुद्राएं, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स और नेशनल सिंबल्स शामिल होंगे। शहर की सड़कों पर पहले से बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था की जा चुकी है। अब मूर्तियों और फूलों की सजावट से सड़कें और आकर्षक दिखाई देंगी। मेयर ने कहा कि गोरखपुर को स्मार्ट और सांस्कृतिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह बड़ा कदम है। शहर में आने वाले लोगों को अब अलग तरह का अनुभव मिलेगा। सड़कें सिर्फ आवाजाही का रास्ता नहीं रहेंगी, बल्कि शहर की पहचान भी बनेंगी।

पीपीपी मॉडल पर होगा पूरा प्रोजेक्ट

यह पूरा प्रोजेक्ट पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने इस योजना का प्रेजेंटेशन पहले ही हो चुका है। नगर निगम बोर्ड से भी इसे मंजूरी मिल गई है। अगले एक महीने के भीतर काम शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना की जिम्मेदारी ‘इंडियन आर्ट एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी को दी गई है। कंपनी के डायरेक्टर कृष्ण मोहन ने बताया कि सभी जरूरी एनओसी मिल चुकी हैं। डिवाइडर पर मूर्तियों के साथ बड़े पैमाने पर फूलों के पौधे लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि अगले 30 वर्षों तक प्रोजेक्ट की देखरेख और रखरखाव की जिम्मेदारी भी इसी कंपनी के पास रहेगी।

पहले चरण में इन रास्तों पर होगा काम

नगर निगम ने शुरुआत के लिए शहर के चार मुख्य मार्ग चुने हैं। हर सड़क को अलग थीम के अनुसार सजाया जाएगा। पैडलेगंज से नौका विहार रोड तक के डिवाइडर पर म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स थीम की मूर्तियां लगेंगी। यहां लोगों को संगीत और कला की झलक दिखाई देगी। असुरन चौक से गुलरिहा रोड और यातायात तिराहा से बरगदवा मार्ग तक अध्यात्म और योग थीम पर मूर्तियां लगाई जाएंगी। यहां योग मुद्राओं और आध्यात्मिक प्रतीकों को दिखाया जाएगा। वहीं देवरिया बाईपास रोड, जो चिड़ियाघर की तरफ जाता है, वहां एनिमल थीम पर डिजाइन तैयार किया जाएगा। डिवाइडर पर जानवरों से जुड़ी कलात्मक मूर्तियां लगेंगी।

शहर में दिखेगा नया बदलाव

नगर निगम का कहना है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद शहर में एंट्री करते ही लोगों को साफ-सुथरा, आधुनिक और व्यवस्थित गोरखपुर दिखाई देगा। सड़कें सिर्फ ट्रैफिक का रास्ता नहीं, बल्कि शहर की नई पहचान बनेंगी। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और शहर की ब्रांडिंग मजबूत होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।