गोरखपुर में रोडवेज बस ने युवक को रौंदा: हाथ के ऊपर से गुजरा पहिया, सड़क किनारे पैदल जा रहा था युवक

शहर के शास्त्री चौक पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के साथ ही दुर्घटना में शामिल बस और चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे युवक शास्त्री चौक के पास सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान गोरखपुर डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसी बीच बस का पहिया उसके हाथ के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका हाथ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में युवक का मोबाइल फोन भी बुरी तरह टूट गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके से भागा चालक
दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, ताकि परिजनों को सूचना दी जा सके।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शास्त्री चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। हादसे के कारण कुछ समय तक शास्त्री चौक पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने व्यस्त चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।











