गोरखपुर में शिवकुमार हत्याकांड में दारोगा और सिपाही फंसे: सभी आरोपितों पर जल्द चार्जशीट की तैयारी, लापरवाही मिलने पर होगी बड़ी विभागीय कार्रवाई

सिकरीगंज के शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड की विवेचना पुलिस ने तेज कर दी है। मामले में जेल भेजे जा चुके सात बालिग और एक नाबालिग आरोपित के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी चल रही है। चार्जशीट को अंतिम रूप देने से पहले पुलिस अभियोजन अधिकारियों से कानूनी राय ले रही है। इसी बीच विवेचना के दौरान हल्का दारोगा और कांस्टेबल की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि दोनों की ओर से किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो विभागीय जांच के साथ कार्रवाई की जाएगी।
सिकरीगंज के अहिरौली खुर्द निवासी शिवकुमार त्रिपाठी को गांव में छेदी चौधरी के ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर वहां राहुल चौधरी, विनोद, उसकी पत्नी राजकुमारी, छेदी के बेटे विंध्यनिवास चौधरी समेत सात लोगों ने शिवकुमार पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह अचेत हो गए। ग्रामीण उन्हें ऑटो से अस्पताल ले जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में हमलावरों ने ऑटो रोककर शिवकुमार को बाहर खींच लिया और तलवार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
तलवार और खंती भेजी गई फोरेंसिक जांच के लिए
शिवकुमार के भाई रामकुमार की तहरीर पर सिकरीगंज थाने में अपहरण कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, एक नाबालिग आरोपित को बाल सुधार गृह भेजा गया है। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तलवार और खंती बरामद की है। दोनों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा घटना से संबंधित प्रसारित वीडियो को भी जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की पुष्टि कर रही है।
कानूनी राय के बाद दाखिल होगी चार्जशीट
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि सभी आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है। अब विवेचना को जल्द पूरा कर चार्जशीट न्यायालय में दाखिल करने की तैयारी है। आरोपपत्र तैयार करने से पहले अभियोजन अधिकारियों से कानूनी राय ली जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में हल्का दारोगा और कांस्टेबल की भूमिका की भी जांच चल रही है। विवेचना में लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











