गोरखपुर में छात्र की मौत: कमरे में मिला शव, मौत के कारणों का नहीं लगा पता

दाउदपुर इलाके में बीए एलएलबी के 21 वर्षीय छात्र कुमारवास्व साहनी की मौत से सनसनी फैल गई। उसका शव कमरे में पंखे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर गुलरिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्र के इस कदम के पीछे की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर एक के केवटहिया टोला निवासी कुमारवास्व साहनी दाउदपुर में रहकर बीए एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। वह अपने कमरे में था। कुछ देर बाद जब परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। कुमारवास्व दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता रमणी साहनी बेंगलुरु में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं।
परिवार में मचा कोहराम
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।











