गोरखपुर में पिता ने बेटे पर तलवार से किया हमला: घायल का मेडिकल कॉलेज में हो रहा इलाज, पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार

गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ के दवहिंयां टोले में शनिवार सुबह पारिवारिक विवाद के दौरान पिता ने अपने बेटे पर तलवार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमित कुमार निषाद को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी पिता गंगा निषाद को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक गंगा निषाद बाहर पेंट-पॉलिश का काम करता है और इन दिनों घर आया हुआ था। शुक्रवार रात उसका पत्नी से विवाद हुआ था। इस दौरान बेटे अमित ने बीच-बचाव किया और अपनी मां को एक रिश्तेदार के घर भेज दिया था। शनिवार सुबह करीब सात बजे गंगा का अमित से फिर विवाद हो गया। इसी दौरान उसने तलवार से अमित पर कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
अमरूतानी से पकड़ा गया आरोपी
घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अमित को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही नौसड़ चौकी इंचार्ज शशि किरण सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने तलाश शुरू कर आरोपी गंगा निषाद को नौसड़ अमरूतानी से गिरफ्तार कर लिया। गीडा इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार पांडेय भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि आरोपी गिरफ्तार है और घायल का इलाज जारी है।











