गोरखपुर में तंत्र-मंत्र के नाम पर बड़ा फ्रॉड: घर में गड़ा खजाना बताकर ठगी, महिला से चार लाख रुपये ठगे

शहर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक जालसाज ने खुद को तंत्र-मंत्र का जानकार बताकर महिला को झांसे में ले लिया। उसने घर में गड़ा खजाना होने का दावा किया। इसी बहाने महिला से चार लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता को जब ठगी का अहसास हुआ, तब उसने पुलिस से शिकायत की। अब मामले में जांच शुरू हो गई है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी इरशाद उर्फ रेहान ने पहले उनका विश्वास जीता। वह उन्हें तिवारीपुर इलाके के डोमिनगढ़ ले गया। वहां उसने मेटल डिटेक्टर को ‘जादुई छड़ी’ बताकर जमीन से सोने का सिक्का निकालकर दिखाया। यह पूरा घटनाक्रम एक प्लान के तहत किया गया था। इस तथाकथित चमत्कार को देखकर महिला पूरी तरह उसके झांसे में आ गई। इसके बाद महिला के मन में भी घर में गड़ा खजाना पाने की लालसा पैदा हो गई।
बताया अंग्रेजों के जमाने का खजाना
आरोपी इसके बाद महिला के घर पहुंचा। उसने घर का निरीक्षण किया। फिर दावा किया कि यहां अंग्रेजों के समय का सोना-चांदी गड़ा हुआ है। उसने कहा कि विशेष पूजा और प्रक्रिया के जरिए यह खजाना निकाला जा सकता है। इसके लिए उसने चार लाख रुपये खर्च बताकर महिला को तैयार कर लिया। महिला लालच और विश्वास में आकर उसकी बातों में फंस गई।
दिल्ली ले जाकर रची गई पूरी साजिश
आरोपी महिला को अपने साथ दिल्ली ले गया। उसने कहा कि वहां एक विशेष व्यक्ति है, जो पूजा प्रक्रिया पूरी करेगा। दिल्ली पहुंचने पर एक युवक मास्क लगाकर आया। उसने महिला से पैसे लिए और बदले में एक कपड़े में बंधा घड़ा दे दिया। इसके बाद वह वहां से चला गया। आरोपी ने महिला को चेतावनी दी कि घड़ा रास्ते में न खोला जाए, वरना इसका असर खत्म हो जाएगा।
घड़ा खोला तो निकली राख, उड़ गए होश
घर लौटने के बाद जब महिला ने घड़ा खोला, तो उसमें सोने-चांदी की जगह राख भरी मिली। यह देखकर महिला के होश उड़ गए। उसे समझ आ गया कि उसके साथ ठगी हो चुकी है। महिला ने तुरंत आरोपी को फोन कर पैसे वापस मांगे, लेकिन वह टालमटोल करने लगा।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इसके बाद पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। गोरखनाथ थाना के प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी इरशाद उर्फ रेहान के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










