गोरखपुर TGT परीक्षा का दूसरा दिन: मेटल डिटेक्टर और रेटिना स्कैन के बाद ही एंट्री, 18 हजार से अधिक कैंडिडेट्स देंगे एग्जाम

गोरखपुर|2 घंटे पहले
मेटल डिटेक्टर और रेटिना स्कैन के बाद ही एंट्री, 18 हजार से अधिक कैंडिडेट्स देंगे एग्जाम

प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को गोरखपुर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही सुबह से ही शुरू हो गई। फर्स्ट शिफ्ट की परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया समय से प्रारंभ कर दी गई। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की गहन जांच की जा रही है। मेटल डिटेक्टर से स्कैनिंग, आधार कार्ड का सत्यापन और रेटिना मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

जिले में फर्स्ट शिफ्ट की परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं। जबकि सेकेंड शिफ्ट के लिए 24 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 18,188 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंच गए। जिससे प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा

बुधवार को परीक्षा के पहले दिन सभी केंद्रों पर भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई थी। किसी भी केंद्र से नकल, तकनीकी गड़बड़ी या अव्यवस्था की कोई शिकायत सामने नहीं आई। इसी व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दूसरे दिन भी प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। केंद्रों पर सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है। निगरानी के लिए विशेष टीमों को भी सक्रिय रखा गया है। करीब चार वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित हो रही है। इस भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। प्रदेशभर से लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 3539 पदों के लिए कुल 8 लाख 68 हजार 531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा का आयोजन तीन और चार जून 2026 को दो दिनों तक दो पालियों में किया जा रहा है।

जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए कुछ दस्तावेज अनिवार्य किए गए हैं। प्रवेश पत्र, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, किसी एक पहचान पत्र की मूल प्रति और उसकी फोटोकॉपी साथ लाना आवश्यक है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाता है तो उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलने में कठिनाई हो सकती है।

निगेटिव मार्किंग नहीं, अभ्यर्थियों को राहत

इस भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर यह है कि परीक्षा में निगेटिव मार्किंग की व्यवस्था नहीं रखी गई है। यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे। इससे उम्मीदवार बिना किसी अतिरिक्त दबाव के सभी प्रश्नों का उत्तर देने का प्रयास कर सकेंगे। अभ्यर्थियों का मानना है कि इस व्यवस्था से चयन प्रक्रिया में उनकी संभावनाएं बेहतर होंगी।

समय से पहले बंद होंगे प्रवेश द्वार

आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर समयबद्ध प्रवेश को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। फर्स्ट शिफ्ट के लिए परीक्षा केंद्र का गेट सुबह 8:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। जबकि सेकेंड शिफ्ट के लिए दोपहर 1:45 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अतिरिक्त परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीट की प्रति अलग करने का कार्य स्वयं अभ्यर्थियों को नहीं करना होगा। यह जिम्मेदारी कक्ष निरीक्षकों को सौंपी गई है। जो उत्तर पत्रक की प्रति अलग कर परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से समय से केंद्र पर पहुंचने तथा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।