गोरखपुर में तेज रफ्तार थार का कहर : तीन युवक घायल, हादसे के बाद चालक फरार

गोरखपुर में शनिवार देर रात एक खतरनाक सड़क हादसा हुआ। गोरखनाथ क्षेत्र के धर्मशाला तिराहे पर तेज रफ्तार थार ने तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद थार सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना रात करीब 11:50 बजे की बताई जा रही है। शैलेश रौनियार नामक युवक अपने काम से लौट रहे थे। जैसे ही वह भरत मिलाप तिराहे के पास पहुंचे पीछे से तेज रफ्तार में आ रही सफेद थार ने उनकी पल्सर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शैलेश सड़क पर दूर जा गिरे। उसी दौरान दो अन्य युवक भी गाड़ी की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों के मुताबिक, थार बहुत तेज स्पीड में थी और चालक नियंत्रण खो बैठा।
स्टंट करने का आरोप
घायलों ने आरोप लगाया कि थार सवार युवक स्टंट कर रहे थे। तेज गति और लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ। शैलेश ने बताया कि गाड़ी की रफ्तार असामान्य रूप से ज्यादा थी। ऐसा लग रहा था जैसे चालक सड़क पर स्टंट दिखा रहा हो। यही वजह है कि वह समय रहते गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर सका।
गाड़ी छोड़कर भागे आरोपी
हादसे के बाद थार सवार युवक मौके से भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी से उतरते ही वे तेजी से वहां से फरार हो गए। घायल शैलेश ने आरोप लगाया कि भागते समय आरोपी उनकी जेब से कैटरिंग का पैसा भी निकाल ले गए। इस बात की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने सीज किया वाहन
सूचना मिलते ही गोरखनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीआर-29-बीएफ-9230 नंबर की थार को कब्जे में ले लिया और उसे पुलिस लाइन भेज दिया। जांच में पता चला कि गाड़ी सिवान से रजिस्टर्ड है। हादसे की वजह से गाड़ी का अगला पहिया भी निकल गया था और सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस अब वाहन मालिक और चालक की पहचान करने में जुटी है।
क्रेन से गाड़ी हटाने की कोशिश
बताया जा रहा है कि हादसे के कुछ देर बाद आरोपी पक्ष के लोग गाड़ी हटाने के लिए क्रेन लेकर पहुंचे थे। उन्होंने गाड़ी उठाने की कोशिश भी की लेकिन इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। इससे सबूत मिटाने की कोशिश नाकाम हो गई।
अस्पताल में भर्ती घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
जल्द होगी अरेस्टिंग
गोरखनाथ थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। वाहन मालिक और चालक की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










