गोरखपुर में आज दो प्रतियोगी परीक्षाएं: 90 केंद्रों पर 43 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल, CCTV कैमरों से हो रही निगरानी

गोरखपुर|1 घंटा पहले
90 केंद्रों पर 43 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल, CCTV कैमरों से हो रही निगरानी

जिले में आज दो प्रतियोगी परीक्षाओं का बड़ा आयोजन किया जा रहा है। एक ही दिन बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिसमें कुल 43 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है।

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी, झांसी द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा जिले के 67 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्ट में संपन्न कराई जाएगी। फर्स्ट शिफ्ट सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और सेकेंड शिफ्ट दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में गोरखपुर जिले के कुल 32,530 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। साथ ही यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

तीन जिलों के लिए गोरखपुर यूनिवर्सिटी को मिली नोडल जिम्मेदारी

बीएड प्रवेश परीक्षा के संचालन के लिए डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी को गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जनपदों का नोडल यूनिवर्सिटी बनाया गया है। परीक्षा के सफल संचालन हेतु देवरिया और कुशीनगर में जनपद समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। यूनिवर्सिटी के कुलसचिव को परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रोफेसर विमलेश कुमार मिश्रा को नोडल समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोरखपुर जिले में परीक्षा संचालन की निगरानी डॉ. मनीष पांडेय करेंगे।

23 केंद्रों पर होगी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रारंभिक परीक्षा जिले के 23 केंद्रों पर आयोजित की गई। यह परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक संपन्न हो गई। आयोग के अनुसार इस परीक्षा में 10,519 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी कर ली गई हैं।

सख्त रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

दोनों महत्वपूर्ण परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी नियुक्त किया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या अव्यवस्था की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। सुरक्षा, निगरानी और यातायात प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की गई है। जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।