गोरखपुर में विवाहिता ने किया सुसाइड: वीडियो कॉल के बाद लगाई फांसी, मायके वालों ने लगाया आरोप

झंगहा थाना क्षेत्र के पांडेय टोला में शुक्रवार देर रात एक विवाहिता की बॉडी कमरे में पंखे से लटकती मिली।जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय चांदनी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार चांदनी ने आत्महत्या से पहले अपने पति मनीष सिंह से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी। बातचीत खत्म होने के कुछ देर बाद उसने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना उस समय हुई जब वह पिछले करीब 15 दिनों से अपने मायके झंगहा गांव में रह रही थी। देर रात जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो उसकी बॉडी पंखे से लटकी मिली।
दो माह पहले हुई थी दूसरी शादी
जानकारी के मुताबिक चांदनी की दूसरी शादी करीब दो महीने पहले कानपुर निवासी मनीष सिंह से हुई थी। दोनों चौरीचौरा थाना क्षेत्र के फुटहवाइनार इलाके में किराए के मकान में रहते थे। मनीष ऑटो चलाकर परिवार का खर्च चलाता था। चांदनी की पहली शादी वर्ष 2017 में नौसढ़ क्षेत्र के छपिया गांव निवासी राजकुमार से हुई थी, जिससे उसकी पांच साल की बेटी राजनंदिनी है। बाद में पारिवारिक कारणों से उसने दूसरी शादी कर ली थी।
मामले की जांच कर रही पुलिस
मृतका की मां अनिता सिंह और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि पति, सास और ननद लगातार चांदनी को प्रताड़ित कर रहे थे। उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव की वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया। झंगहा पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









