गोरखपुर में डॉक्टर पति पर महिला चिकित्सक के गंभीर आरोप: न्यूड वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, बिना तलाक की दूसरी शादी

शहर की एक महिला डॉक्टर ने अपने एनेस्थेसियोलॉजिस्ट पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया है। महिला चिकित्सक का आरोप है कि पति ने नशीला पदार्थ देकर अश्लील वीडियो बनाया, उसे वायरल करने की धमकी देकर फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए 32.50 लाख रुपये वसूले। बिना तलाक दूसरी शादी करने, दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे आरोप भी तहरीर में लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला डॉक्टर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी 29 नवंबर 2019 को छत्तीसगढ़ के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र निवासी एनेस्थेसियोलॉजिस्ट से हुई थी। पिता इंजीनियर हैं और शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए गए। आरोप है कि विवाह के बाद से ही फॉर्च्यूनर कार की मांग को लेकर पति, सास, ससुर और ननद प्रताड़ित करने लगे। महिला का कहना है कि पति कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देता था और इस दौरान उनके न्यूड फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए 32.50 लाख रुपये दिलवाए गए।
दूसरी शादी और मारपीट का भी आरोप
महिला डॉक्टर का आरोप है कि 14 अप्रैल 2022 को बेटे के जन्म के बाद भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई। उनकी 20 लाख रुपये की एफडी में से 10 लाख रुपये भी पति ने अपने कब्जे में ले लिए। बाद में दोनों का अलग-अलग जिलों में तबादला हो गया। बस्ती में तैनाती के दौरान उन्हें पति के कई महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि पति ने बिना तलाक दूसरी महिला से शादी कर ली और विरोध करने पर कहा कि दोनों पत्नियां साथ रहेंगी। महिला का यह भी आरोप है कि सात मई 2026 को पति और ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट कर गले में रस्सी बांधकर पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूटने से उनकी जान बच गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
महिला डॉक्टर का कहना है कि बाद में उन्हें दोनों बच्चों सहित घर से निकाल दिया गया। 12 जुलाई 2026 को ससुराल पक्ष शाहपुर स्थित मायके पहुंचा और तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट की गई। शाहपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ हत्या के प्रयास, बिना तलाक दूसरी शादी, दहेज उत्पीड़न और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











