गोरखपुर में पिता ने बेटे-बेटी को जहर देकर मारा: दही में मिलाकर खिलाया सल्फास, हिरासत में आरोपी

गोरखपुर|05 जून 2026
दही में मिलाकर खिलाया सल्फास, हिरासत में आरोपी

गीडा थाना क्षेत्र में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक पिता पर अपने ही दो मासूम बच्चों को जहर देकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगा है। गुरुवार शाम बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार तड़के दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर कोई पिता इतना निर्मम कैसे हो सकता है।

जानकारी के अनुसार गीडा क्षेत्र के सेक्टर-5 स्थित बरवार गांव निवासी सत्यम कन्नौजिया अपने परिवार के साथ रहता है। उसके पिता अनिल कन्नौजिया ने बताया कि गुरुवार शाम करीब छह बजे सत्यम अपनी आठ वर्षीय बेटी परी और पांच वर्षीय बेटे अक्षत को बहाने से कमरे में ले गया। आरोप है कि उसने दोनों बच्चों को खाने की किसी वस्तु, संभवतः दही, में सल्फास मिलाकर खिला दिया। कुछ ही देर बाद दोनों बच्चों की हालत अचानक बिगड़ने लगी। उनके मुंह से झाग निकलने लगा। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

नहीं बच सके मासूम

जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने बच्चों की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पूरी रात चिकित्सकों की टीम दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास करती रही। लेकिन शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मासूम भाई-बहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

मानसिक बीमारी की भी जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता सत्यम कन्नौजिया को हिरासत में ले लिया। पुलिस को घर से सल्फास की खाली शीशी भी बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता सका। परिजनों का कहना है कि उसका लंबे समय से मानसिक रोग का इलाज चल रहा है। वह कई बार असामान्य व्यवहार करने लगता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हर पहलू की होगी गहन जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों बच्चों की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं की भी जांच कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह दर्दनाक घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।लोगों को गहरे सदमे में छोड़ गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।