गोरखपुर में विवाह के बाद संबंध न बनाने का आरोप: इलाज की बात पर किया प्रताड़ित, 5 पर मुकदमा दर्ज

शहर की एक 30 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि विवाह के बाद पति ने कभी वैवाहिक संबंध स्थापित नहीं किए और इलाज की बात उठाने पर उसे प्रताड़ित किया गया। पीड़िता की शिकायत पर गोरखनाथ पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 19 नवंबर 2021 को लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। परिवार ने विवाह में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए। लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद से ही उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि पति लगातार शारीरिक दूरी बनाए रखते थे और हर बार दवा का कोर्स चलने का हवाला देकर बात टाल देते थे। करीब दो वर्ष तक वैवाहिक संबंध नहीं बनने पर उसे संदेह हुआ। उसने कई बार पति के इलाज की बात कही। लेकिन उसकी बात पर ध्यान देने के बजाय ससुराल पक्ष ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। महिला का आरोप है कि बाद में पति के इलाज के नाम पर उससे पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया गया और कहा गया कि रकम मिलने के बाद ही इलाज कराया जाएगा। समाज और परिवार की बदनामी के डर से वह लंबे समय तक यह सब सहती रही।
जांच से पहले पति ने सैंपल देने से किया इनकार
महिला ने बताया कि मई 2025 में भाई की शादी के दौरान उसे अकेले मायके भेज दिया गया। वहीं, ससुराल पक्ष का कोई सदस्य समारोह में नहीं पहुंचा। इसके बाद उसने पहली बार अपने परिवार को पूरी जानकारी दी। महिला के अनुसार 29 सितंबर 2025 को वह पति को लखनऊ के एक अस्पताल लेकर गई। जहां डॉक्टर ने स्पर्म सैंपल देने की सलाह दी। आरोप है कि पति ने जांच पूरी नहीं कराई और बिना सैंपल दिए अस्पताल से लौट गए। बाद में 19 जून 2026 को जब उसकी मां, भाई और बहनें ससुराल पहुंचीं तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई और महिला को घर से निकाल दिया गया।
दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर पति, सास, देवर, ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









