गोरखपुर में खोराबार प्रोजेक्ट में देरी पर जीडीए सख्त: सुस्त काम पर ठेकेदारों को नोटिस जारी, नवरात्रि से पहले पूरे होंगे EWS ब्लॉक

गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने खोराबार टाउनशिप और मेडिसिटी योजना के निर्माण कार्यों में देरी को गंभीरता से लिया है। अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईडब्ल्यूएस के ब्लॉक संख्या-दो, तीन और पांच का निर्माण कार्य हर हाल में नवरात्रि से पहले पूरा कराया जाए। साथ ही सभी विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान उपाध्यक्ष ने खोराबार टाउनशिप में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की रफ्तार संतोषजनक नहीं है, उनसे जुड़े ठेकेदारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। निर्माणाधीन फ्लैटों में विद्युत कार्य तेजी से पूरा कराने के लिए अतिरिक्त जूनियर इंजीनियर की तैनाती करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरे किए जा सकें।
ताल रिंग रोड की होगी विशेष निगरानी
बैठक में मोहद्दीपुर से सहारा स्टेट तक निर्माणाधीन ताल रिंग रोड परियोजना की भी समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने निर्माण कार्य में गति लाने और नियमित मॉनिटरिंग के लिए सहायक अभियंता की अध्यक्षता में विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महीने में दो बार होगी समीक्षा बैठक
उपाध्यक्ष ने बताया कि अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे सोमवार को आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। बैठक में विशेष कार्याधिकारी प्रखर उत्तम, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह, अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप, प्रभारी अधिशासी अभियंता संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।











