गोरखपुर में सनसनीखेज किडनैपिंग: बोलेरो सवार बदमाशों ने मासूम को उठाया, 45 मिनट में पुलिस ने किया बरामद

गोरखपुर|26 अप्रैल 2026
बोलेरो सवार बदमाशों ने मासूम को उठाया, 45 मिनट में पुलिस ने किया बरामद

गोरखपुर में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मां के साथ बाजार से लौट रहे एक मासूम बच्चे का बोलेरो सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस की तेजी और अलर्ट एक्शन के चलते सिर्फ 45 मिनट के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई ने पुलिस की सतर्कता और रिस्पॉन्स सिस्टम को दिखा दिया।

घटना गजपुर बाजार इलाके की है। यहां रहने वाले रामआशीष यादव की पत्नी सुमन अपने दो बच्चों के साथ दवा लेने बाजार गई थीं। शाम करीब 6:20 बजे जब वह घर लौट रही थीं तभी पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुमन और उनका दो साल का बेटा अयांश सड़क पर गिर गए। इसी मौके का फायदा उठाकर बोलेरो में सवार तीन बदमाशों ने बच्चे को उठाया और गाड़ी में डालकर फरार हो गए। बड़ा बेटा थोड़ी दूरी पर होने के कारण बच गया।

एरिया में मचा हड़कंप

घटना के बाद मां सुमन बदहवास होकर अपने बच्चे को ढूंढने लगीं। तभी बड़े बेटे ने बताया कि “गाड़ी वाले मुन्ना को उठा ले गए।” यह सुनते ही सुमन जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। कुछ ही मिनटों में यह खबर पूरे एरिया में फैल गई। लोगों में डर और गुस्से का माहौल बन गया।

सीसीटीवी से मिली पहली लीड

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई। एसपी दक्षिणी की अगुआई में टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। फुटेज से बोलेरो का नंबर मिला। इसके आधार पर वाहन मालिक की पहचान सुरेंद्र नाथ साहनी के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत उनसे संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वह मुंबई में हैं और उनकी गाड़ी सहजनवां क्षेत्र का रिशु पासवान चला रहा है।

लोकेशन ट्रैकिंग और घेराबंदी

पुलिस ने चालक का मोबाइल नंबर ट्रेस किया और उसकी लोकेशन निकाली। लोकेशन सोहगौरा के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी। सोहगौरा चौकी और गगहा थाना पुलिस को अलर्ट किया गया। रास्तों पर चेकिंग शुरू कर दी गई। कुछ ही देर में पुलिस को संदिग्ध बोलेरो आती दिखी।

बच्चे के छोड़कर बदमाश फरार

पुलिस ने तुरंत रास्ता ब्लॉक कर दिया। बदमाशों ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की लेकिन पीछे से पुलिस पहुंच गई। खुद को घिरता देख बदमाश गाड़ी और बच्चे को छोड़कर फरार हो गए। यह पूरी कार्रवाई करीब 45 मिनट के अंदर पूरी हो गई। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।

इलाज और परिवार को सौंपा गया बच्चा

बच्चे के सिर में हल्की चोट लगी थी। उसे तुरंत पीएचसी कौड़ीराम ले जाया गया जहां उसका इलाज कराया गया। इसके बाद उसे थाने लाकर परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी चालक की तलाश जारी है।

बेटे को सीने से लगाकर रोने लगीं मां

जब पुलिस बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंची तो मां सुमन की आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने बेटे को सीने से लगा लिया और फूट-फूटकर रोने लगीं। वह बार-बार बच्चे को चूमती रहीं। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। बच्चे के पिता ने पुलिस टीम का आभार जताया।

पुलिस की सख्ती

एसपी दक्षिणी ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।