गोरखपुर में लॉयन ब्रांड का नकली खजूर: ई-रिक्शा पर लदे 10 गत्ते जब्त, बाजार में सप्लाई करने की थी तैयारी

गोरखपुर|
ई-रिक्शा पर लदे 10 गत्ते जब्त, बाजार में सप्लाई करने की थी तैयारी

शहर में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के बीच तिवारीपुर क्षेत्र में लॉयन ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे संदिग्ध खजूर की बड़ी खेप पकड़ी गई। पुलिस ने ई-रिक्शा पर लादकर बाजार ले जाए जा रहे करीब 10 गत्ते खजूर को जब्त कर लिया है। फिलहाल पूरा माल ई-रिक्शा समेत तिवारीपुर थाने में सुरक्षित रखा गया है। मामले की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दे दी गई है, जिसकी टीम जांच कर सैंपल प्रयोगशाला भेजेगी।

पुलिस के अनुसार लॉयन कंपनी के प्रतिनिधि ने सूचना दी थी कि उनके ब्रांड के नाम पर नकली खजूर शहर में बाजार में उतारा जा रहा है। कंपनी प्रतिनिधि की निशानदेही पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा को रोक लिया। जांच के दौरान उसमें करीब 10 गत्ते संदिग्ध खजूर मिले। फिलहाल पुलिस ने पूरा माल जब्त कर थाने में सुरक्षित रख दिया है। अभी तक एक भी गत्ता वाहन से नहीं उतारा गया है।

सैंपल जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को भी उपलब्ध करा दी गई है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधि से फोन पर सूचना मिली थी। मंगलवार को विभागीय टीम तिवारीपुर थाने पहुंचकर खजूर की जांच करेगी। मौके से सैंपल लेकर उसे प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के बाद यदि उत्पाद नकली पाया जाता है तो कंपनी के प्रतिनिधि की ओर से इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। वहीं चौरीचौरा क्षेत्र में हाल ही में पकड़े गए विभिन्न कंपनियों के नकली घी के मामले में भी कार्रवाई आगे बढ़ रही है। संबंधित कंपनियों को सूचना देने के बाद उनके प्रतिनिधि गोरखपुर पहुंच चुके हैं और झंगहा थाने में इस संबंध में तहरीर भी दी जा चुकी है। रिपोर्ट और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।