गोरखपुर में शादी के तीसरे दिन युवक ने किया सुसाइड: खुशियां बदलीं मातम में, सुसाइड के कारणों का नहीं लगा पता

शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 29 साल के एक युवक ने शादी के महज तीसरे दिन ही जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक की पहचान रूद्रनाथ जायसवाल उर्फ मिंशू के रूप में हुई है। वह गोरखपुर के पादरी बाजार इलाके में रहता था। परिवार में वह तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता प्रेम जायसवाल का पादरी बाजार चौराहे पर भोजनालय का व्यवसाय है। रूद्रनाथ भी अपने पिता और भाइयों के साथ काम में हाथ बंटाता था। परिवार में आर्थिक स्थिति ठीक-ठाक थी और शादी को लेकर सभी बेहद उत्साहित थे। घर में कई दिनों से जश्न का माहौल था। रिश्तेदार भी बड़ी संख्या में आए हुए थे।
25 अप्रैल को हुई थी धूमधाम से शादी
परिवार वालों ने कुछ महीने पहले ही उसकी शादी महराजगंज जिले के नौतनवां की एक युवती से तय की थी। 25 अप्रैल को पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ शादी संपन्न हुई। अगले दिन 26 अप्रैल को दुल्हन विदा होकर ससुराल आ गई। घर में नई बहू के स्वागत को लेकर खास तैयारियां की गई थीं। शादी के बाद की रस्में भी धीरे-धीरे चल रही थीं। हर तरफ खुशियों का माहौल था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि ये खुशी इतनी जल्दी गम में बदल जाएगी।
तीसरे दिन उठाया खौफनाक कदम
28 अप्रैल की देर रात अचानक रूद्रनाथ ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। घरवालों ने जब उसे तड़पते देखा तो अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद घर में मातम छा गया। नई-नवेली दुल्हन, जिसने अभी शादी के सपने भी ठीक से नहीं देखे थे, उसका सुहाग उजड़ गया। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन सदमे में हैं और किसी से ठीक से बात तक नहीं कर पा रहे हैं। घर के बाहर अभी शादी का टेंट भी पूरी तरह नहीं हटाया गया था। शादी में मिले सामान भी वहीं पड़े हुए हैं, जो इस दुखद घटना को और भी मार्मिक बना रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि परिजन आत्महत्या के पीछे की वजह नहीं बता सके हैं। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही सुसाइड के कारणों का खुलासा करने की बात कही जा रही है।
व्यापारियों ने जताया शोक
इस घटना का असर पूरे इलाके पर पड़ा है। पादरी बाजार के व्यापारियों में भी गहरा दुख देखा गया। स्थानीय व्यापार मंडल ने शोक व्यक्त करते हुए अपनी दुकानें बंद रखीं। मंगलवार और शुक्रवार को लगने वाली साप्ताहिक बाजार भी नहीं लगी। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और युवक के अचानक उठाए गए इस कदम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










