गोरखपुर में 80 करोड़ के म्युनिसिपल बांड की तैयारी तेज: टीम करेगी दस्तावेजों की जांच, एस्क्रो खाता खोलने की प्रक्रिया भी शुरू

नगर निगम के 80 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बांड जारी करने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस दिशा में आज विशेषज्ञों की टीम नगर निगम पहुंचकर बांड जारी करने से जुड़े दस्तावेजों और प्रपत्रों का विस्तृत परीक्षण करेगी। इसके साथ ही एस्क्रो खाता खोलने की प्रक्रिया भी शुरू कराई जाएगी। नगर निगम का लक्ष्य सभी वित्तीय और कानूनी औपचारिकताएं समय पर पूरी कर अगस्त के अंतिम सप्ताह तक बांड जारी करना है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बांड जारी करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्धारित सभी नियमों और शर्तों का पूरी तरह पालन किया गया है। विशेषज्ञों की टीम दस्तावेजों का सत्यापन करने के साथ वित्तीय और कानूनी प्रक्रियाओं की भी समीक्षा करेगी। जांच पूरी होने के बाद एस्क्रो खाते की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस विशेष बैंक खाते के माध्यम से बांड से प्राप्त धनराशि और उससे जुड़े भुगतान का पारदर्शी तरीके से प्रबंधन किया जाएगा, जिससे निवेशकों के हित सुरक्षित रहेंगे।
वित्तीय संसाधन भी होंगे उपलब्ध
म्युनिसिपल बांड से प्राप्त होने वाले 80 करोड़ रुपये का उपयोग शहर की आधारभूत विकास परियोजनाओं में किया जाएगा। इस राशि से सड़क, नाली, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य शहरी विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे नगर निगम को बड़े विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन भी उपलब्ध होंगे।
दस्तावेज कराए जाएंगे उपलब्ध
नगर निगम के लेखाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि आज विशेषज्ञों की टीम की आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जांच प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। इसके बाद म्युनिसिपल बांड जारी करने की आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।











