गोरखपुर रूट की स्पेशल ट्रेनों के नौ-नौ फेरे बढ़े: कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना , त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगी राहत

गोरखपुर|1 घंटा पहले
कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना , त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगी राहत

रक्षाबंधन से दीपावली तक बढ़ने वाली रेल यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर से जुड़ी प्रमुख स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। निर्णय के तहत गोरखपुर-वडोदरा और सूरत-छपरा स्पेशल ट्रेनों के नौ-नौ अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। इससे खासकर गुजरात और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार 09111 वडोदरा-गोरखपुर स्पेशल अब 28 सितंबर 2026 तक नौ अतिरिक्त फेरों के साथ चलेगी। वहीं 09112 गोरखपुर-वडोदरा स्पेशल का संचालन भी 30 सितंबर 2026 तक नौ अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है। त्योहारी सीजन में गुजरात में कार्यरत पूर्वांचल के लोगों और गोरखपुर से यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। यात्रियों की मांग को देखते हुए 09065 सूरत-छपरा स्पेशल को 29 सितंबर 2026 तक तथा 09066 छपरा-सूरत स्पेशल को 30 सितंबर 2026 तक नौ-नौ अतिरिक्त फेरों के लिए चलाने का निर्णय लिया गया है। गोरखपुर मंडल के बड़ी संख्या में यात्री इस रूट से गुजरात की यात्रा करते हैं।

समय और ठहराव में नहीं होगा बदलाव

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाई गई है। ट्रेनों के समय, निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव और कोचों की संख्या में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश उत्सव, नवरात्र और दीपावली के दौरान अतिरिक्त फेरों से भीड़ का दबाव कम होने के साथ यात्रियों की यात्रा भी अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।