गोरखपुर में शिव हत्याकांड में हिरासत में चार और आरोपी: एनएसए की तैयारी, हत्या में इस्तेमाल तलवार-खंती किया बरामद

गोरखपुर|9 घंटे पहले
एनएसए की तैयारी, हत्या में इस्तेमाल तलवार-खंती किया बरामद

सिकरीगंज के अहिरौली खुर्द निवासी ठेकेदार शिव कुमार त्रिपाठी की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। आठ अगस्त को हुई इस वारदात में नामजद आरोपी विनोद, उसकी पत्नी राजकुमारी, बेटा राहुल और चचेरे भाई साहुल को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने पूछताछ के साथ हत्या में इस्तेमाल तलवार और खंती भी बरामद कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस विवेचना पूरी करने के बाद जल्द न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया भी पूरी करने में जुटी है।

एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी के अनुसार, अब तक की विवेचना में सामने आया है कि विंदनिवास चौधरी, उसके भाई राहुल चौधरी और भानू चौधरी समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने शिव कुमार की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत बिंद कुमार चौधरी ठेकेदार शिव कुमार को उनके घर तीन बार बुलाने गया था। आरोप है कि शिव कुमार के खाना खाने के लिए बैठते ही राहुल चौधरी ने उनके सिर और पीठ पर खंती से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी उनके नाबालिग भतीजे ने तलवार से हमला किया। इस हमले के बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि साजिश में परिवार के अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है।

नाबालिग को भेजा बाल सुधार गृह

पुलिस इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें चार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया। अब नामजद अन्य चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हत्या में इस्तेमाल तलवार और खंती की बरामदगी को पुलिस ने विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है। जांच टीम आरोपियों की भूमिका और वारदात की पूरी कड़ी को साक्ष्यों के आधार पर जोड़ने में जुटी है।

विवेचना पूरी होते ही दाखिल होगी चार्जशीट

पुलिस हत्याकांड की विवेचना को अंतिम चरण में पहुंचाने में जुटी है। अभियोजन पक्ष की मदद से जुटाए गए साक्ष्यों और मामले से जुड़े कानूनी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, विवेचना पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। वहीं, एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है। आगे की कार्रवाई विवेचना में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।