गोरखपुर में शटर तोड़ 6 लाख की चोरी: डेढ़ लाख कैश गायब, CCTV चेक कर रही पुलिस

चौरी चौरा क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलरी एवं बर्तन की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये की चोरी कर ली। बदमाश रात के समय शटर का ताला तोड़कर दुकान में दाखिल हुए और तिजोरी का लॉक तोड़कर नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
चौरी चौरा थाना क्षेत्र के डुमरी खुर्द गांव (शत्रुधनपुर रोड) स्थित 'मां वैष्णों ज्वेलर्स एंड बर्तन स्टोर' में चोरी की घटना हुई। दुकान संचालक मनोज वर्मा, निवासी नगर पंचायत वार्ड नंबर-16, रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। जब वे दुकान पहुंचे तो शटर के दोनों ताले टूटे मिले। शटर उठाते ही अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। इससे चोरी की आशंका गहरा गई।
तिजोरी तोड़कर समेटे नकदी और जेवर
दुकानदार ने तिजोरी की जांच की तो उसका लॉक भी टूटा मिला। तिजोरी में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। पीड़ित के अनुसार चोरी से कुल लगभग छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध दुकान के भीतर चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जुटा रही है ताकि आरोपियों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
सर्विलांस टीम भी जांच में जुटी
सीओ चौरी चौरा कुंदन सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। थाना पुलिस और सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









