गोरखपुर में सिपाही से मारपीट: चार आरोपी गिरफ्तार, भाजपा पार्षद का बेटा फरार

शाहपुर थाना क्षेत्र के असुरन चौराहे के पास बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद सिपाही के साथ कथित मारपीट तक पहुंच गया। मामले में सिपाही विक्रांत सिंह की तहरीर पर भाजपा पार्षद के बेटे समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
अयोध्या जिले के इनायतनगर, हैरिंगटनगंज निवासी विक्रांत सिंह वर्तमान में शाहपुर थाने की जेल रोड चौकी पर तैनात हैं। उन्होंने तहरीर में बताया कि वह सादे कपड़ों में शाहपुर थाने से चौकी जा रहे थे। इसी दौरान असुरन स्थित गोविंद कॉम्प्लेक्स के पास एक ई-रिक्शा उनकी बाइक से टकरा गया। विरोध जताने पर ई-रिक्शा चालक ने अपने चार-पांच साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में भोंदू सिंह का नाम भी शामिल किया गया है, जिसे सिपाही पहले से पहचानता था।
फरार आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर टोनी अहमद निवासी खरैया पोखरा, अंशु साहनी, आशीष कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी और डब्लू गौड़ निवासी शाहपुर पानी की टंकी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार भोंदू सिंह शाहपुर वार्ड नंबर 43 की भाजपा पार्षद ज्ञानती देवी का बेटा है और उसकी तलाश जारी है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









