गोरखपुर में दूसरे दिन शुरू हुई पुलिस भर्ती परीक्षा: 44 केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा जारी, CCTV से हो रही निगरानी

उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को जिले के सभी 44 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू कर दी गई थी। परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। केंद्रों के भीतर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ दूरबीन के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है।
जिले में आठ, नौ और 10 जून को आयोजित हो रही इस भर्ती परीक्षा में कुल एक लाख 16 हजार 784 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 19 हजार 464 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई एजेंसियां सक्रिय
भर्ती परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही एसटीएफ, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीमों को भी सक्रिय किया गया है। इन एजेंसियों को नकल, फर्जी अभ्यर्थियों और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की जा रही है। निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पहले दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
सोमवार को परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में कुल 38 हजार 928 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। लेकिन केवल 28 हजार 237 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। इस प्रकार 10 हजार 691 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 5,427 और दूसरी पाली में 5,264 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष व्यवस्था
गोरखपुर रेलवे स्टेशन और प्रमुख बस अड्डों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क और होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां पुलिसकर्मियों के साथ शिक्षक भी तैनात किए गए हैं। जो अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और आवश्यक जानकारी देने में मदद कर रहे हैं। इसके अलावा स्टेशन परिसर में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा अब तक पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










