गोरखपुर को अक्टूबर तक मिलेगा सबसे बड़ा कान्हा उपवन: 77 फीसदी प्रोजेक्ट रेडी, आखिरी दौर में निर्माण कार्य

गोरखपुर|
77 फीसदी प्रोजेक्ट रेडी, आखिरी दौर में निर्माण कार्य

शहर और आसपास के क्षेत्रों में बेसहारा गोवंशों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ताल नदोर में जिले का सबसे बड़ा कान्हा उपवन तेजी से आकार ले रहा है। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे करीब 28.94 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस गोसंरक्षण केंद्र का निर्माण अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विकसित हो रहे इस उपवन में दो हजार बेसहारा गोवंशों के संरक्षण की व्यवस्था होगी। इसके शुरू होने के बाद छुट्टा पशुओं की समस्या कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रदेश सरकार गोसंरक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी जिलों में गोआश्रय स्थलों का विस्तार कर रही है। इसी योजना के तहत शहर में यह वृहद कान्हा उपवन विकसित किया जा रहा है, जो जिले का सबसे बड़ा गोसंरक्षण केंद्र होगा। वर्तमान में जिले में 24 गोआश्रय स्थल संचालित हैं, जिनकी कुल क्षमता 8,800 गोवंशों की है। हालांकि इन केंद्रों में अभी करीब 9,700 गोवंश संरक्षित हैं। बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए नए केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। उत्तर प्रदेश जल निगम (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) की ओर से इस परियोजना का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना प्रबंधक मनीष चंद के अनुसार 24 अप्रैल 2025 से शुरू हुए निर्माण कार्य का लगभग 77 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। लक्ष्य है कि 23 अक्टूबर 2026 तक निर्माण पूरा कर इसे संचालन के लिए तैयार कर दिया जाए।

विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

कान्हा उपवन में गोवंशों की देखभाल के लिए काऊ शेड, काफ शेड, बर्थ शेड, कार्यालय भवन, भूसा स्टोर, फीड स्टोर और पशु चिकित्सालय का निर्माण कराया जा रहा है। बीमार और घायल गोवंशों के इलाज की सुविधा भी परिसर के भीतर ही उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा काऊ शेड के सामने एक छोटा पोखरा भी बनाया जाएगा, जिससे पशुओं को पर्याप्त पानी और अनुकूल वातावरण मिल सके। यह केंद्र निर्माणाधीन पशु चिकित्सा महाविद्यालय के निकट स्थित है, जिससे बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

समय सीमा में संचालन का लक्ष्य

नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि महेवा स्थित 500 गोवंश क्षमता वाले कान्हा उपवन पर वर्तमान में काफी दबाव है। इसी कारण ताल नदोर में बड़े स्तर पर नया गोसंरक्षण केंद्र विकसित किया जा रहा है। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है और निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा कर संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।