गोरखपुर में नीलगाय से टकराकर पलटी बोलेरो: तीन लोगो की मौत; चार गंभीर, तेज रफ्तार होने से अनियंत्रित हुआ वाहन

शहर में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। वाराणसी हाईवे पर मझगांवा के पास तेज रफ्तार बोलेरो अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में तीन रिश्तेदारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे हुआ। गगहा इलाके के कोठा गांव निवासी अनिल त्रिपाठी बोलेरो से अपने रिश्तेदारों को लेकर हरिखोरा से बड़हलगंज के कोल्हुआ गांव जा रहे थे। इसी दौरान मझगांवा के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। चालक ने जानवर को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका। बोलेरो डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।
शादी से लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि गगहा के रहने वाले शिवम त्रिपाठी की बहन की शादी का समारोह बुधवार को संपन्न हुआ था। शादी का आयोजन हरिखोरा स्थित ननिहाल में किया गया था। परिवार और रिश्तेदार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। गुरुवार रात सभी लोग बोलेरो से वापस लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल मातम में बदल जाएगा। हादसे में कोल्हुआ गांव निवासी 18 वर्षीय उन्नति तिवारी, 65 वर्षीय विजय नारायण तिवारी और 19 वर्षीय शिवम त्रिपाठी की मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर तीनों को मृत घोषित कर दिया। परिवार में मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
चार घायल, एक की हालत बेहद गंभीर
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें कोल्हुआ गांव के 60 वर्षीय नर्मदा तिवारी, साधना तिवारी, 23 वर्षीय शशांक पांडेय और बोलेरो चालक अनिल त्रिपाठी शामिल हैं। सभी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों में एक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। मेडिकल टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं।
हाईवे पर बढ़ रहे नीलगाय हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाराणसी हाईवे पर अक्सर नीलगाय और अन्य जंगली जानवर अचानक सड़क पर आ जाते हैं। इससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के सामने जानवर आ जाने से ड्राइवर संतुलन खो बैठते हैं। लोगों ने प्रशासन से हाईवे किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और वन विभाग को इस समस्या पर गंभीर कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो को हाईवे से हटाकर किनारे कराया गया ताकि यातायात प्रभावित न हो। दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि शुरुआती जांच में नीलगाय के अचानक सामने आने से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










