गोरखपुर में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट: कार से मारी टक्कर, 10 के खिलाफ FIR दर्ज

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के रसूलपुर झुंगिया में जमीनी विवाद को लेकर पटीदारों द्वारा एक व्यक्ति को कार से कुचलकर मारने की कोशिश का मामला सामने आया हैं। विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घायल की तहरीर पर पुलिस ने गुरुवार को 10 नामजद लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित उदयभान सिंह 19 जुलाई की सुबह मंदिर जा रहे थे, तभी रास्ते में पट्टीदार रामधारी सिंह के घर के पास एक कार ने पीछे से टक्कर मारकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया गया। इसके बाद रामधारी सिंह, नगीना सिंह, ध्रुवनारायण सिंह सहित अन्य लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार के लोगों के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने घायल की तहरीर पर हत्या के प्रयास और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंदिर में पूजा करने के लिए जा रहे थे उदयभान
रसूलपुर झुंगिया निवासी उदयभान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे वह घर से मंदिर जाने के लिए निकले थे। आरोप है कि पट्टीदार रामधारी सिंह के घर के पास पहुंचते ही गोलू के साले ने कार से पीछे से टक्कर मारकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। हादसे में उन्हें चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने कार को रोक लिया।
जान से मारने की दी धमकी
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद रामधारी सिंह, नगीना सिंह, ध्रुवनारायण सिंह, उसकी पत्नी, अजीत सिंह, वाल्मीकि सिंह और नीलू सिंह समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
10 नामजद आरोपियों के खिलापु FIR दर्ज
घटना की सूचना पुलिस को 112 नंबर पर दी गई। पुलिस ने घायल की तहरीर के आधार पर 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











