शहर में बाढ़ से पहले स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: सीएमओ ने सीएचसी का किया निरीक्षण, गर्भवती और बच्चों का बनेगा विशेष डेटाबेस

गोरखपुर|13 जून 2026
सीएमओ ने सीएचसी का किया निरीक्षण, गर्भवती और बच्चों का बनेगा विशेष डेटाबेस

मानसून की दस्तक से पहले शहर के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की कवायद तेज हो गई है। बाढ़ के दौरान लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेश झा ने बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने बड़हलगंज सीएचसी अधीक्षक और डेरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों की स्वास्थ्य जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई। सीएमओ ने निर्देश दिया कि क्षेत्र में रहने वाली सभी गर्भवती महिलाओं और बच्चों का अद्यतन डाटा तैयार किया जाए। उनकी स्वास्थ्य स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसलिए पहले से प्रभावी रणनीति तैयार करना आवश्यक है।

आशा कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी अहम जिम्मेदारी

डॉ. राजेश झा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बनाए रखने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। प्रत्येक गांव में स्वास्थ्य टीमों का नेटवर्क मजबूत किया जाएगा। जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। उन्होंने क्षेत्रवार स्वास्थ्य योजनाएं तैयार करने और नियमित फील्ड मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।

अस्पतालों में बढ़ाया जाएगा दवाओं का स्टॉक

बरसात और बाढ़ के मौसम में डायरिया, जलजनित रोगों तथा सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि की संभावना को देखते हुए सीएमओ ने अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम (एएसवी), एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी), ओआरएस, जिंक और अन्य आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल भवनों की मरम्मत, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता देने को कहा। निरीक्षण के बाद सीएमओ ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का भी दौरा कर स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।