पॉक्सो और रेप मामले में हाईकोर्ट की सख्ती: बांसगांव SO समेत तीन पुलिसकर्मी लाइनहाजिर, एसएसपी को रिपोर्ट सौंपने के दिए निर्देश

गोरखपुर|
बांसगांव SO समेत तीन पुलिसकर्मी लाइनहाजिर, एसएसपी को रिपोर्ट सौंपने के दिए निर्देश

बांसगांव थाना क्षेत्र के पॉक्सो और रेप मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद गोरखपुर पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। न्यायालय में समय पर जवाब दाखिल नहीं होने को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने बांसगांव थानाध्यक्ष, संबंधित चौकी प्रभारी और थाने के दीवान को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया है। वहीं हाईकोर्ट ने एसएसपी को 15 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्ती के बाद बांसगांव थाने में तैनात तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। लाइनहाजिर किए गए कर्मियों में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, संबंधित चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह तथा थाने के दीवान रमेश कुमार शामिल हैं। न्यायालय ने मामले में समय पर जवाब प्रस्तुत न किए जाने को गंभीर लापरवाही माना और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ को 15 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होकर कार्रवाई रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।

मार्च 2026 में दर्ज हुआ था मामला

मामला मार्च 2026 का है। बांसगांव थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी को संतकबीरनगर निवासी एक युवक कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। बाद में किशोरी की बरामदगी और मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज बयान के आधार पर केस में रेप की धारा भी जोड़ी गई। आरोपी की जमानत अर्जी निचली अदालत से खारिज होने के बाद उसने इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने गोरखपुर पुलिस से जवाब तलब किया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब दाखिल नहीं किया गया।

एसएसपी ने मामले की समीक्षा कराई

सुनवाई के दौरान जवाब न आने पर अदालत ने नाराजगी जताई। इसके बाद एसएसपी ने मामले की समीक्षा कराई। इसमें थाना स्तर पर न्यायालय में समय से जवाब उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में लापरवाही सामने आई। इसी आधार पर संबंधित तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।