गोरखपुर को मिला हाईटेक अक्षय पात्र किचन: सीएम योगी ने अपने हाथों से परोसी खीर, एक लाख बच्चों के लिए तैयार होगा भोजन

गोरखपुर|1 घंटा पहले
सीएम योगी ने अपने हाथों से परोसी खीर, एक लाख बच्चों के लिए तैयार होगा भोजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे के दौरान चिलुआताल थाना क्षेत्र के सामने बने अत्याधुनिक अक्षय पात्र किचन का लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को अपने हाथों से खीर परोसकर उनका हालचाल जाना और भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ और पौष्टिक भोजन बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव है। उन्होंने अक्षय पात्र फाउंडेशन के इस प्रयास को प्रदेश में सुपोषण अभियान को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

करीब तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक किचन में पार्किंग सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां लगभग 200 कर्मचारी कार्य करेंगे। नई व्यवस्था के तहत परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की संख्या के अनुसार प्रतिदिन ताजा और गर्म भोजन तैयार कर निर्धारित समय पर पहुंचाया जाएगा। पहले चरण में प्रतिदिन 50 हजार बच्चों को मिड-डे मील उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, बाद में इसकी क्षमता बढ़ाकर एक लाख बच्चों तक कर दी जाएगी। यहां तैयार भोजन गोरखपुर के 11 ब्लॉकों के विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को भोजन बनाने की जिम्मेदारी नहीं रहेगी। एजेंसी की ओर से तैयार भोजन सीधे स्कूलों तक पहुंचाया जाएगा। इससे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण मानकों का बेहतर पालन सुनिश्चित होगा। साथ ही विद्यालयों में भोजन तैयार करने में लगने वाला समय भी बचेगा और बच्चों को तय समय पर भोजन उपलब्ध हो सकेगा।

हर घंटे 40 हजार रोटियां, 15 मिनट में 1200 किलो चावल

अक्षय पात्र किचन को अत्याधुनिक मशीनों से लैस किया गया है। यहां स्वचालित मशीनों के माध्यम से हर घंटे लगभग 40 हजार रोटियां तैयार की जा सकेंगी। वहीं, स्टीम तकनीक की मदद से मात्र 15 मिनट में 1200 किलोग्राम चावल पकाने की क्षमता विकसित की गई है। तीन से चार घंटे के भीतर एक लाख बच्चों के लिए भोजन तैयार किया जा सकेगा। भोजन को विद्यालयों तक पहुंचाने के लिए लगभग 100 विशेष वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।

शिक्षा और पोषण पर दिया विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ, वाराणसी, मथुरा, आगरा और कानपुर के बाद अब गोरखपुर में भी अक्षय पात्र किचन की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता का पहला आधार उसकी स्वच्छता है और स्वस्थ भोजन से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और शिक्षकों को नए शैक्षणिक सत्र में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे तथा सभी विद्यार्थियों को समय पर बैग, ड्रेस और जूते उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प, ऑपरेशन अलंकार, अभ्युदय कोचिंग, अटल टिंकरिंग लैब, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता और परीक्षा प्रणाली में लगातार सुधार हुआ है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।