गोरखपुर में विदाई टलने पर बवाल: पति ने पत्नी और सास पर किया चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

पत्नी की विदाई टलने से नाराज एक युवक ने पंचायत खत्म होने के कुछ घंटे बाद ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात में पत्नी के पेट में गंभीर चोट लगी। वहीं, उसे बचाने पहुंची मां भी घायल हो गईं। दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पत्नी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहरीपुर निवासी विनोद की शादी करीब 13 वर्ष पहले गुलरिहा थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव निवासी ललिता से हुई थी। दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं। पारिवारिक विवाद के चलते ललिता कुछ समय से मायके में रह रही थी। विनोद रिश्तेदारों के साथ पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच लंबी पंचायत हुई, जिसमें तय हुआ कि ललिता की विदाई रविवार को कराई जाएगी। समझौते के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। लेकिन विनोद इस निर्णय से संतुष्ट नहीं था।
रात में दोबारा पहुंचा
पुलिस के मुताबिक, विनोद ने रास्ते में एक ठेले से सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा और दोबारा ससुराल पहुंच गया। उस समय गांव में बिजली नहीं थी। ललिता और उसकी मां फेंकनी देवी घर की छत पर मौजूद थीं। वहां पहुंचते ही उसने कहासुनी शुरू कर दी और चाकू निकालकर पत्नी के पेट पर हमला कर दिया। बेटी को बचाने पहुंचीं फेंकनी देवी पर भी उसने वार कर दिया। इससे वह भी घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही पूछताछ
सूचना मिलने पर गुलरिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा। घायल ललिता की भाभी शबनम की तहरीर पर विनोद के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









