पति ने भाई-पिता से संबंध के शक में की थी पत्नी की हत्या: खुद को बचाने के लिए रची झूठी कहानी, पिता-पुत्र दोनों अरेस्ट

चौरी चौरा थाना क्षेत्र के मिर्जवा सरदार गांव में हुई महिला हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि स्नेहलता मौर्य की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पति ने की थी। पति को पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी शक ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति ने सिलबट्टे से सिर कूंचकर पत्नी की हत्या की। वारदात के बाद उसने खुद को बचाने के लिए झूठी कहानी भी रची।
पुलिस ने आरोपी पति साधु शरण मौर्य और उसके पिता गोपीनाथ को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना शनिवार की बताई जा रही है। उस समय स्नेहलता अपने तीन साल के बेटे के साथ घर पर थी। उसकी दोनों बेटियां स्कूल गई हुई थीं। घर में और कोई मौजूद नहीं था। पुलिस के मुताबिक पति और पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। साधु शरण को पत्नी पर शक था। उसे लगता था कि स्नेहलता के उसके छोटे भाई और पिता से अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था। जांच में सामने आया कि विवाद धीरे-धीरे बेहद खतरनाक रूप ले चुका था। पति के मन में शक लगातार बढ़ता जा रहा था। आखिरकार इसी शक ने हत्या का रूप ले लिया।
हत्या के बाद रची झूठी कहानी
पुलिस जांच में आरोपी की पूरी साजिश सामने आई। वारदात के बाद साधु शरण घर से निकल गया। उसने लोगों को बताया कि वह अपनी मां को बुलाने जा रहा है। आरोपी फरेंदा स्थित अपने ननिहाल पहुंचा था। वहीं से उसने यह दिखाने की कोशिश की कि वह घटना के समय गांव में नहीं था। बाद में उसने दावा किया कि उसे रास्ते में हत्या की जानकारी मिली। इसके बाद वह वापस गांव लौट आया। पुलिस को शुरू से ही उसकी कहानी पर शक था। पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार बयान बदलता रहा। इसी से पुलिस का शक और गहरा गया।
भाई ने दर्ज कराया हत्या का केस
स्नेहलता के भाई अमित कुमार मौर्य ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पति, सास समेत नौ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में परिवार के भीतर तनाव की बात सामने आई। पुलिस ने घर के लोगों से पूछताछ की। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले। कई तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए। धीरे-धीरे पूरी घटना की परतें खुलती चली गईं।
पूछताछ में टूट गया आरोपी
पुलिस के अनुसार लगातार पूछताछ में आरोपी टूट गया। आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने माना कि उसने ही पत्नी की हत्या की थी।
जांच में यह भी सामने आया कि हत्या बेहद गुस्से में की गई। आरोपी ने सिलबट्टे से हमला किया था। वार इतना खतरनाक था कि स्नेहलता की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना में और कौन शामिल था। परिवार के दूसरे लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस बोली- बाकी आरोपियों की भूमिका भी जांच में
ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पति साधु शरण और ससुर गोपीनाथ को अरेस्ट कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाकी आरोपियों की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस हर पहलू पर गहराई से काम कर रही है। गांव में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। वहीं एक परिवार शक और हिंसा की आग में पूरी तरह बिखर गया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










