अधूरे नाले बने नगर निगम की सिरदर्दी: जलभराव पर कार्यदायी संस्थाएं होंगी जवाबदेह, सड़कों-पार्कों का नामकरण मंजूर

गोरखपुर|13 जून 2026
जलभराव पर कार्यदायी संस्थाएं होंगी जवाबदेह, सड़कों-पार्कों का नामकरण मंजूर

मानसून की दस्तक से पहले शहर में चल रहे नाला निर्माण कार्यों ने नगर निगम की चिंताओं को बढ़ा दिया है। संभावित जलभराव और नागरिक सुविधाओं पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पार्षदों ने विभिन्न क्षेत्रों में अधूरे नाला निर्माण और उससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नगर आयुक्त अजय जैन ने भरोसा दिलाया कि बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए कार्यदायी संस्थाओं को जिम्मेदार बनाया जाएगा।

बैठक के दौरान पार्षद ऋषिमोहन वर्मा ने विरासत गलियारा परियोजना और एचएन सिंह चौराहे से हड़हवा फाटक तक निर्माणाधीन सड़क एवं नाले का मुद्दा उठाते हुए संभावित जलभराव की आशंका जताई। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों ने गोड़धोइया नाला परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आसपास के मोहल्लों की नालियों को मुख्य नाले से न जोड़ने पर बरसात के दौरान गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क और नाले का निर्माण एक साथ कराया जा रहा है। संबंधित एजेंसियों को जलनिकासी के वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर पंपसेट के माध्यम से मोहल्लों का पानी निकालने की व्यवस्था भी की जाएगी।

खुले नालों पर रखे जाएंगे स्लैब

हाल के दिनों में खुले नालों में गिरने से हुई दुर्घटनाओं पर भी कार्यकारिणी ने चिंता जताई। नगर आयुक्त ने कहा कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खुले नालों पर स्लैब लगाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा मोहर्रम को देखते हुए जुलूस मार्गों पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था और रात्रिकालीन सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। सड़कों पर गंदगी, निर्माण सामग्री और डेयरी संचालकों द्वारा नालों में गोबर बहाने जैसी समस्याओं पर भी सख्ती बरतने की बात कही गई।

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में देरी पर नाराजगी

बैठक में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने में हो रही देरी पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। पार्षदों ने कहा कि साधारण मामलों में भी लोगों को कई सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने समयबद्ध निस्तारण और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के लिए नई गाइडलाइन जारी करने का आश्वासन दिया।

नए वार्डों में बढ़ेंगे सफाई कर्मचारी

कार्यकारिणी ने नगर निगम में शामिल नौ नए वार्डों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रत्येक वार्ड में पांच अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती को मंजूरी दी। साथ ही शहर की पांच सड़कों, एक पार्क और एक मोहल्ले के नामकरण प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में पार्षद वरीयता निधि से प्रस्तावित कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई। सभी पार्षदों को 30 जून तक अपने प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।