गोरखपुर में लिंक एक्सप्रेसवे पर 153 एकड़ में बनेगा औद्योगिक क्लस्टर: निवेशकों को मिलेगी तैयार जमीन, टेक्सटाइल से इलेक्ट्रॉनिक्स तक इकाइयों को मिलेगा मौका

गोरखपुर|
निवेशकों को मिलेगी तैयार जमीन, टेक्सटाइल से इलेक्ट्रॉनिक्स तक इकाइयों को मिलेगा मौका

गोरखपुर में औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार देने की तैयारी है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के बाद अब उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) भी जिले में औद्योगिक इकाइयों के लिए जमीन उपलब्ध कराएगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 153 एकड़ क्षेत्रफल में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित किया जाएगा। इसके लिए खजनी तहसील क्षेत्र के बहादुरपुर खुर्द और बहादुरपुर बुजुर्ग गांवों में औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस परियोजना से क्षेत्र में नए निवेश के साथ रोजगार के बड़े अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित क्लस्टर में अलग-अलग सेक्टर से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों को स्थापित किया जाएगा। इसमें टेक्सटाइल, एग्रो एंड फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और पैकेजिंग से संबंधित उद्योग शामिल होंगे। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स सेवाओं के लिए भी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। औद्योगिक गतिविधियां शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर रोजगार के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष अवसर बढ़ेंगे। इससे पूर्वांचल के हजारों युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार पाने का विकल्प मिलेगा और कई परिवारों की आजीविका इससे जुड़ने की उम्मीद है।

किसानों और कारोबारियों को भी मिलेगा फायदा

लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग हब विकसित होने से स्थानीय व्यापारियों और किसानों को भी फायदा मिलने की संभावना है। वे अपने उत्पादों को कम समय और कम लागत में देश के बड़े बाजारों तक पहुंचा सकेंगे। इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।

बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश को मिला बूस्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले साढ़े नौ साल में मजबूत हुई कानून-व्यवस्था और इन्वेस्टर्स फ्रेंडली नीतियों ने गोरखपुर को निवेश के लिहाज से आकर्षक बनाया है। सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने से निवेशकों का भरोसा और बढ़ा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के माध्यम से क्षेत्र का पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव हो चुका है। इससे माल की आवाजाही में समय कम होने और ट्रांसपोर्टेशन सुविधाएं बेहतर मिलने का लाभ उद्योगों को मिलेगा।

निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन शुरू

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर जनपद सीमा के भीतर 153 एकड़ औद्योगिक भूखंडों के आवंटन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत कनेक्टिविटी और सुलभ औद्योगिक भूमि की उपलब्धता के कारण देश और प्रदेश के बड़े निवेशक गोरखपुर में इकाइयां स्थापित करने में रुचि दिखा रहे हैं। लिंक एक्सप्रेसवे के पास विकसित होने वाला यह क्लस्टर आने वाले समय में गोरखपुर को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।