कान्हा उपवन गोशाला में मिलीं खामियां: निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी, गायों को अलग शेड में रखने के दिए निर्देश

नगर निगम द्वारा महेवा में संचालित कान्हा उपवन गोशाला का नगर आयुक्त अजय जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान कई व्यवस्थागत कमियां सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के लिए पहुंचे नगर आयुक्त ने पाया कि बीमार और कमजोर गोवंशों के साथ सांड़ तथा छोटे बछड़ों को भी एक ही स्थान पर रखा गया है। इस व्यवस्था पर उन्होंने आपत्ति जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि बीमार और कमजोर गोवंशों के लिए अलग शेड की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही गायों और सांड़ों को भी अलग-अलग शेड में रखा जाए। जिससे पशुओं की सुरक्षा और देखभाल बेहतर ढंग से हो सके। उन्होंने सभी शेडों के बीच बैरिकेडिंग कराने तथा गेट को अधिक मजबूत बनाने का निर्देश भी दिया। नगर आयुक्त ने गोशाला में उपलब्ध भूसा, चोकर, हरा चारा और साइलेज के स्टॉक का भी निरीक्षण किया। पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में चारे का भंडारण सुनिश्चित करने को कहा।
कमियों को शीघ्र करें दूर
साथ ही उन्होंने पूरे गोशाला परिसर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी आदेश दिया गया। नगर आयुक्त ने पशु कल्याण अधिकारी और कान्हा उपवन के संचालक को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी कमियों को शीघ्र दूर किया जाए।
पहले भी सामने आ चुकी हैं अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त एवं वरिष्ठ प्रभारी कान्हा उपवन प्रमोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कान्हा उपवन सुरेंद्र प्रताप सिंह, पशु कल्याण अधिकारी रॉबिन चंद्रा तथा कान्हा उपवन के संचालक आईडीएस इंटरप्राइजेज के राजकुमार नायक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि कान्हा उपवन में इससे पहले भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। कुछ महीने पूर्व कुछ गोवंशों की मौत का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें मृत गोवंशों को इधर-उधर फेंके जाने के आरोप लगे थे। घटना के बाद हड़कंप मच गया था। डीएम और नगर आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









