डिवाइडर की मिट्टी में दबकर मजदूर की मौत: समतलीकरण के दौरान मिट्टी से बाहर निकला हाथ, 10 दिन से घर नहीं लौटा था मजदूर

निर्माणाधीन फोरलेन परियोजना में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गुलरिहा थाना क्षेत्र के भटहट कस्बे में निर्माणाधीन फोरलेन के डिवाइडर से एक मजदूर की बॉडी बरामद होने से सनसनी फैल गई। डिवाइडर की मिट्टी समतल कराने के दौरान राहगीरों की नजर मिट्टी के ढेर से बाहर निकले एक हाथ पर पड़ी। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया और मिट्टी हटवाकर बॉडी बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मजदूर रात के समय डिवाइडर पर सो गया था। बाद में डंपर से डाली गई मिट्टी के नीचे दब जाने से उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह जब निर्माण एजेंसी की ओर से डिवाइडर की मिट्टी समतल कराने का कार्य चल रहा था। तभी कुछ लोगों ने मिट्टी के ढेर से मानव हाथ जैसा कुछ बाहर निकला देखा। संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैकहो लोडर और मजदूरों की सहायता से मिट्टी हटवाई। जिसके बाद एक व्यक्ति की बॉडी बरामद हुई। बॉडी के समीप एक झोला भी मिला, जिसमें रोटी-सब्जी, देसी शराब का पाउच, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शाल रखी हुई थी। इन वस्तुओं के आधार पर माना जा रहा है कि मृतक रात में वहीं ठहरा हुआ था। उसी दौरान हादसे का शिकार हो गया।
देवरिया का रहने वाला है मजदूर
कुछ ही देर बाद दो बच्चों के साथ पहुंची एक महिला ने बॉडी की पहचान अपने पति मिंटू पुत्र जनार्दन निवासी देवरिया के रूप में की। मृतक की पत्नी नीता देवी ने बताया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ पिछले करीब पांच वर्षों से गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहां स्थित मायके में रह रही थीं। मिंटू दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब 10 दिन पहले सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने के लिए जंगल कौड़िया क्षेत्र गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा था।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि मिंटू रात में डिवाइडर के बीच शाल बिछाकर सो गया था। देर रात मिट्टी गिराने पहुंचे डंपर चालकों को उसकी मौजूदगी की जानकारी नहीं हो सकी और मिट्टी उसके ऊपर गिर गई। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा जगदीश पाल ने बताया कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं भी खड़ी कर दी हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









