गोरखपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का अंतिम दिन: कड़े पेपर से अभ्यर्थी परेशान, अलर्ट मोड में प्रशासन

जिले में यूपी होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा का आज तीसरा और अंतिम दिन है। शहर में इस परीक्षा को लेकर पूरी तैयारी और सख्त व्यवस्था देखने को मिल रही है। कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां दो अलग-अलग पालियों में परीक्षा कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित हो रही है। हर दिन करीब 20 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने से शहर में भीड़ का दबाव साफ नजर आ रहा है। प्रशासन ने इसे देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत किया है।
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने पेपर को उम्मीद से कहीं ज्यादा कठिन बताया। कई परीक्षार्थियों ने कहा कि सवालों का स्तर काफी हाई था। उनका कहना है कि पेपर ऐसा लग रहा था जैसे किसी बड़े कॉम्पिटिटिव एग्जाम का हो। कुछ अभ्यर्थियों ने यहां तक कहा कि यह पेपर आईएएस और पीसीएस लेवल जैसा महसूस हुआ। खास बात यह रही कि परीक्षा में बड़ी संख्या में ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी भी शामिल हुए, जिससे प्रतिस्पर्धा और कड़ी हो गई।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के बेहद सख्त इंतजाम किए गए हैं। तुलसीदास मेमोरियल इंटर कॉलेज सहित सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक है। इसके लिए मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन हर स्तर पर सतर्क नजर आ रहे हैं ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
ट्रैफिक कंट्रोल पर फोकस
इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने से शहर में ट्रैफिक पर दबाव बढ़ गया है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और कंट्रोल के विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। रेलवे स्टेशन पर एक होल्डिंग एरिया बनाया गया है जहां अभ्यर्थियों को व्यवस्थित तरीके से रखा जा रहा है। प्लेटफार्म और बाहर दोनों जगह पुलिस की नजर बनी हुई है, ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी न हो।
लगातार हो रहा निरीक्षण
पूरे परीक्षा आयोजन की मॉनिटरिंग खुद सीनियर अधिकारी कर रहे हैं। डीआईजी, जिलाधिकारी, एसएसपी और एसपी सिटी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। वे मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और जरूरत के अनुसार निर्देश दे रहे हैं। प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि किसी भी स्तर पर कोई गड़बड़ी न हो और परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।
डबल लॉक सिस्टम लागू
परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस को अस्थायी डबल लॉक के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां कड़ी निगरानी में प्रश्नपत्र और अन्य सामग्री सुरक्षित रखी गई है। सामग्री का वितरण भी अधिकारियों की मौजूदगी में किया जा रहा है। इससे लीक या गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह खत्म करने की कोशिश की गई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










