गोरखपुर में वीडियो वायरल के बाद विवाहिता की मौत: शव लेकर ससुराल पहुंचे परिजन, पति-सास की गिरफ्तारी की मांग

गोरखपुर|14 घंटे पहले
शव लेकर ससुराल पहुंचे परिजन, पति-सास की गिरफ्तारी की मांग

गोला नगर पंचायत की टीचर कॉलोनी में विवाहिता तराना बानो की संदिग्ध मौत के बाद सोमवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमॉर्टम के बाद मायके पक्ष के करीब 50 लोग शव लेकर ससुराल पहुंचे और पति और सास की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और पूछताछ के लिए पति और उसकी मां को थाने बुला लिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही तराना बानो का शव परिजनों को सौंपा गया, मायके पक्ष के लोग उसे लेकर सीधे ससुराल पहुंच गए। परिजनों का कहना था कि जब तक पति नाजिम अली और उसकी मां के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इस दौरान ससुराल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मृतका के पति नाजिम अली और उसकी मां को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। समाचार लिखे जाने तक शव ससुराल परिसर में रखा था और अंतिम संस्कार नहीं हो सका था। पुलिस अधिकारियों और मायके पक्ष के बीच वार्ता जारी रही।

मां ने लगाए जहर देने के आरोप

मृतका की मां जहरून निशा, निवासी काजीपुर (जनपद आजमगढ़), ने गोला थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि करीब 18 वर्ष पहले तराना की शादी नाजिम अली से हुई थी। उनके अनुसार, विवाह के बाद से ही पति और सास लगातार प्रताड़ित करते थे तथा आए दिन मारपीट होती थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 27 जून को मारपीट के बाद तराना को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।

वीडियो में सास-पति पर लगाया था आरोप

मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तराना बानो का वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में उसने अपनी सास पर मारपीट और पति पर जबरन जहर पिलाने का आरोप लगाया था। उसने यह भी बताया था कि पहले गोरखपुर, फिर आजमगढ़ और बाद में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चला, जहां 17 जुलाई की रात उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

तराना बानो अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गोला थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।