राज्यमंत्री की गाड़ी को कार ने मारी टक्कर: हादसे में दंपति घायल, एयरबैग खुलने से बची जान

चौरी चौरा कस्बे में रविवार दोपहर दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बेचन राम की सरकारी कार को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय राज्यमंत्री सड़क किनारे स्थित एक चाय की दुकान पर पहुंचे थे और वाहन से उतरकर दुकान की ओर बढ़ रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक द्वारा हैंडब्रेक लगाने के बावजूद कार करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में कार सवार दंपति घायल हो गए। वहीं, राज्यमंत्री और उनके चालक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के पास स्थित जेमिनी पैराडाइज निवासी बाल मुकुन त्रिपाठी और उनकी पत्नी विमला त्रिपाठी रविवार दोपहर करीब दो बजे कार से देवरिया की ओर से गोरखपुर आ रहे थे। इसी दौरान चौरी चौरा कस्बे में सड़क किनारे स्थित एक चाय की दुकान पर दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बेचन राम अपनी सरकारी कार से पहुंचे। चालक ने वाहन रोका और राज्यमंत्री जैसे ही कार से उतरकर दुकान की ओर बढ़े, तभी पीछे से आ रही कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, टक्कर लगते ही राज्यमंत्री के चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल हैंडब्रेक लगा दिया। लेकिन कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि दोनों वाहन काफी दूर तक घिसटते रहे। दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुल गए। इससे कार सवार दंपति की जान बच गई। हालांकि दोनों को चोटें आईं और उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
महिला का टूटा पैर
घटना की सूचना मिलते ही मुंडेरा बाजार चौकी प्रभारी अशोक शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल चौरी चौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उनका इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल महिला विमला त्रिपाठी के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं, उनके पति को भी चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने हटवाया जाम
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









