नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने वाला मौलाना अरेस्ट: पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, 17 जून से थी लापता

गोरखपुर|1 घंटा पहले
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, 17 जून से थी लापता

गुलरिहा थाना क्षेत्र में मदरसे में पढ़ने वाली 15 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी मौलाना को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर नारी निकेतन भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 17 जून की दोपहर किशोरी अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद किशोरी की मां ने गुलरिहा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के दौरान उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी अफरोज नाम के एक युवक से फोन पर बातचीत करती थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस व्यक्ति को परिवार अफरोज के नाम से जानता था। उसका वास्तविक नाम सरफराज है। वह बांसगांव क्षेत्र के धनौरा विशुनपुर पचीसी गांव का निवासी है।

पहचान छिपाकर मदरसे में करता था काम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सरफराज पहले गुलरिहा क्षेत्र के एक मदरसे में 'अफरोज' नाम से मौलवी के रूप में कार्य करता था। बताया गया कि अनुचित गतिविधियों की शिकायतों के बाद करीब 15 दिन पहले उसे वहां से हटा दिया गया था। इसके बाद वह एम्स थाना क्षेत्र के कुरमौल बहरामपुर स्थित दूसरे मदरसे में पढ़ाने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने किशोरी को अपने प्रभाव में लिया। शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ भगा ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से जांच तेज कर दी।

सर्विलांस से मिली लोकेशन

सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई। इसके आधार पर पुलिस ने एम्स थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को सुरक्षित बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नारी निकेतन भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।