एमएमएमयूटी में जून में होगा दीक्षांत समारोह: अंतिम चरण में तैयारियां, कुलाधिपति से मांगा गया समय

जिले के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में इस वर्ष दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन को जून में कराने की योजना बनाई है। इसके लिए कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल को प्रस्ताव भेजकर 15 जून के बाद का समय मांगा गया है। इसी टाइमलाइन को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का फोकस है कि इस बार कार्यक्रम समय पर और बेहतर तरीके से आयोजित हो।
विश्वविद्यालय में इस समय परीक्षाएं चल रही हैं। चार मई तक सभी परीक्षाएं खत्म हो जाएंगी। इसके बाद सबसे बड़ा टारगेट रिजल्ट को समय पर जारी करना है। प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि मई के अंत तक सभी परिणाम घोषित कर दिए जाएं। इसके लिए मूल्यांकन कार्य को तेजी से पूरा करने की रणनीति बनाई गई है। सभी विभागों से कहा गया है कि परीक्षा खत्म होते ही कॉपियों की जांच तुरंत शुरू करें, ताकि देरी न हो।
बैक पेपर की भी बनी योजना
जिन छात्रों के बैक पेपर हैं, उनके लिए भी स्पष्ट प्लान तैयार किया गया है। जून के पहले सप्ताह में ही बैक पेपर परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके बाद उनका रिजल्ट भी जल्द जारी किया जाएगा। विश्वविद्यालय चाहता है कि दीक्षांत समारोह से पहले सभी शैक्षणिक प्रक्रियाएं पूरी हो जाएं। इससे छात्रों को डिग्री देने में किसी तरह की बाधा न आए।
तैयारियों के लिए गठित हुई समितियां
दीक्षांत समारोह को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए हैं। कुलपति प्रो. जेपी सैनी की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक हुई। इसमें आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों का गठन किया गया। इन समितियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश जल्द जारी होने की संभावना है। खास बात यह है कि पिछले साल जिन अनुभवी लोगों ने आयोजन में भूमिका निभाई थी, उन्हें फिर से जिम्मेदारी दी गई है। इससे काम में अनुभव और दक्षता दोनों का फायदा मिलेगा।
जून में आयोजन का खास कारण
अब तक विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह अगस्त या सितंबर में होता था। उस समय पढ़ाई अपने पीक पर होती है। इससे छात्रों और शिक्षकों दोनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता था। इस बार प्रशासन ने इस समस्या का समाधान निकालते हुए जून का समय चुना है। जून में गर्मी की छुट्टियां रहती हैं। ऐसे में न तो पढ़ाई प्रभावित होगी और न ही छात्रों को परेशानी होगी। आयोजन भी बेहतर तरीके से हो सकेगा।
समय पर हो कार्यक्रम
कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि विश्वविद्यालय इस बार दीक्षांत समारोह को समय पर और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करना चाहता है। कुलाधिपति से समय मिलने के बाद अंतिम शेड्यूल जारी किया जाएगा। फिलहाल सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। हर स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है। लक्ष्य है कि कोई भी काम लंबित न रहे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










